पंजाब दिवस के दिन जालंधर में भिडेंगी भारत-पाकिस्तान की हॉकी टीमें

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने पाकिस्तानी हॉकी टीम की मेजबानी की तैयारी पर बयान देकर एक नया भूराजनैतिक विवाद खड़ा कर दिया है। गौरतलब है कि अगले महीने हॉकी की एशियाई चैंपियन्स ट्रॉफी खेली जाने वाली है जिसमें पाकिस्तान समेत आधा दर्जन टीमें  शामिल है। भारत और पाकिस्तान का मुक़ाबला 1 नवंबर को जालंधर में होना है, और यह मैच पंजाब दिवस के दिन ही होगा।

पाकिस्तान की भागीदारी और इसके लिए आवश्यक मंजूरी मिल जाने के बारे में पूछे जाने पर मान ने कहा, ‘‘बहुराष्ट्रीय टूर्नामेंटों में कोई समस्या नहीं है। हो सकता है कि द्विपक्षीय श्रृंखलाएं (भारत और पाकिस्तान के बीच) न हो सकें।’मान ने कहा कि एसीटी के लीग चरण के मैच जालंधर में, जबकि सेमीफाइनल और फाइनल मोहाली स्टेडियम में खेले जाएंगे।

केंद्र सरकार की  खेल नीति के अनुसार भारत पाकिस्तान के खिलाफ द्विपक्षीय श्रृंखला नहीं खेलेगा। भारत ने पिछले साल पहलगाम आतंकी हमले के बाद पाकिस्तान के खिलाफ संक्षिप्त सैन्य अभियान चलाया था।खेल मंत्रालय ने हालांकि ओलंपिक चार्टर का पालन करते हुए कहा है कि दोनों देश बहुराष्ट्रीय टूर्नामेंट में एक दूसरे का सामना कर सकते हैं और भारत इस तरह की प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए पाकिस्तान के खिलाड़ियों को अपने देश में खेलने से नहीं रोकेगा।

हालांकि भारत में अगले महीने होने वाली हॉकी एशियन चैंपियंस ट्रॉफी में पाकिस्तान की भागीदारी अभी पक्की नहीं हुई है; नेशनल फ़ेडरेशन टीम की यात्रा के लिए सरकार की मंज़ूरी का इंतज़ार कर रहा है।पाकिस्तान हॉकी फ़ेडरेशन के प्रमुख मोहियुद्दीन अहमद वानी ने कहा कि फ़ेडरेशन टूर्नामेंट में टीम की भागीदारी पर सरकार के फ़ैसले का पालन करेगा। यह टूर्नामेंट 27 अक्टूबर से 5 नवंबर तक पंजाब में आयोजित होगा।

पाकिस्तान के अख़बार ‘डॉन’ के अनुसार, वानी ने कहा, “पाकिस्तान टीम का दौरा सरकार की मंज़ूरी पर निर्भर करेगा। सरकार जो भी करने को कहेगी, हम वही करेंगे।”

वानी, जो इंटर-प्रोविंशियल कोऑर्डिनेशन मिनिस्ट्री के फ़ेडरल सेक्रेटरी भी हैं, ने छह देशों के इस टूर्नामेंट में पाकिस्तान की भागीदारी को लेकर बनी अनिश्चितता के बीच ये बातें कहीं। इस इवेंट में भारत, पाकिस्तान, चीन, जापान, मलेशिया और कोरिया हिस्सा लेंगे, जबकि ओमान और बांग्लादेश को रिज़र्व टीमों के तौर पर रखा गया है।लीग चरण जालंधर में 27 अक्टूबर से 2 नवंबर तक खेला जाएगा, इसके बाद 4 नवंबर को सेमीफ़ाइनल और 5 नवंबर को फ़ाइनल होगा।