सरकारी कंपनी NMDC लिमिटेड के शेयरों में 10 अगस्त को दिन में 2 प्रतिशत तक की बढ़त दिखी। BSE पर शेयर 86.98 रुपये के हाई तक गया। कंपनी ने अपने लौह अयस्क (आयरन ओर) की कीमतों में बदलाव किया है। नई कीमतें 8 अगस्त, 2026 से लागू हो गई हैं। कंपनी ने शनिवार को शेयर बाजारों को बताया कि रिवीजन के तहत अब लौह अयस्क के मामले में लंप ओर (65.5%, 10-40 mm) की कीमत ₹5,250 प्रति टन कर दी गई है। फाइंस (64%, -10 mm) की कीमत ₹4,500 प्रति टन है।
NMDC इस्पात मंत्रालय के तहत आती है। इसमें जून 2026 के आखिर तक सरकार के पास 60.79 प्रतिशत हिस्सेदारी थी। NMDC के मुताबिक, ये कीमतें FOR (फ्री ऑन रेल) के आधार पर हैं। इनमें रॉयल्टी, डिस्ट्रिक्ट मिनरल फाउंडेशन (DMF), NMEDT, सेस, फॉरेस्ट परमिट फीस, ट्रांजिट फीस, GST, एनवायरमेंटल सेस और अन्य लागू टैक्स शामिल नहीं हैं।
Raymond Realty में जबरदस्त सेलिंग, Q1 में मुनाफा घटने के बाद शेयर 10% तक फिसला
शेयर एक साल में 20 प्रतिशत चढ़ा
NMDC का मार्केट कैप 75300 करोड़ रुपये से ज्यादा है। शेयर की फेस वैल्यू 1 रुपये है। यह BSE 200 इंडेक्स का हिस्सा है। शेयर एक साल में 20 प्रतिशत चढ़ा है। 3 साल में कीमत 126 प्रतिशत मजबूत हुई है। हाल ही में चॉइस इंस्टीट्यूशनल इक्विटीज ने NMDC के शेयर के लिए ‘बाय’ रेटिंग के साथ कवरेज शुरू किया। टारगेट प्राइस 107 रुपये प्रति शेयर रखा। ब्रोकरेज का मानना है कि NMDC घरेलू स्टील सुपरसाइकिल से बढ़ने वाली मांग को पूरा करने के लिए अच्छी स्थिति में है। उम्मीद है कि भारत में इंफ्रास्ट्रक्चर के विस्तार से FY31E तक क्रूड स्टील की क्षमता 300 MnT और आयरन ओर की मांग लगभग 50 प्रतिशत बढ़कर 460 MnT हो जाएगी। NMDC 14 अगस्त को अप्रैल-जून 2026 तिमाही के नतीजे जारी करने वाली है।
मार्च तिमाही में कितना रहा था मुनाफा
जनवरी-मार्च 2026 तिमाही में कंपनी का स्टैंडअलोन बेसिस पर रेवेन्यू 11,173.14 करोड़ रुपये रहा। इस बीच शुद्ध मुनाफा 2,020.13 करोड़ रुपये दर्ज किया गया। पूरे वित्त वर्ष 2026 के दौरान NMDC का स्टैंडअलोन बेसिस पर रेवेन्यू 31,553.70 करोड़ रुपये और शुद्ध मुनाफा 7,421.24 करोड़ रुपये रहा। जुलाई 2026 में कंपनी का कुल उत्पादन बढ़कर 4.06 मीट्रिक टन का रहा, जो जुलाई 2025 में 3.09 मीट्रिक टन था। जुलाई 2026 में क्यूमुलेटिव प्रोडक्शन का आंकड़ा 19.16 मीट्रिक टन रहा, जबकि एक साल पहले यह 15.09 मीट्रिक टन था।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।

