
आदिवासी कार्यकर्ता निशा कुमारी भगत की कथित आत्महत्या के मामले में दो लोगों को आरोपी बनाया गया है, जबकि पिठोरिया थाने के प्रभारी सतीश कुमार पांडेय को उनके पद से हटा दिया गया है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
भगत ने छह नवंबर को फेसबुक पर सीधे प्रसारण के दौरान हेमंत सोरेन के नेतृत्व वाली राज्य सरकार और जमीन के दलालों पर उन्हें प्रताड़ित करने का आरोप लगाने के बाद कथित तौर पर आत्महत्या कर ली थी। अधिकारी ने बताया कि निशा के पिता हांडू भगत की शिकायत के आधार पर सात नवंबर को दोनों आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
रांची (ग्रामीण) के पुलिस अधीक्षक (एसपी) गौरव गोस्वामी ने बताया हमने ज्योत्सना केरकेट्टा और अजय तिर्की के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 108 और 61(2) के तहत मामला दर्ज किया है। ये धाराएं आत्महत्या के लिए उकसाने और आपराधिक साजिश से संबंधित हैं। इसके अलावा, थाना प्रभारी सतीश कुमार पांडेय को पुलिस लाइन भेज दिया गया है।
Also Read : ‘रामायण’ की सफलता भारतीय सिनेमा के लिए अहम है: कुणाल कपूर
उन्होंने बताया कि मामले की जांच के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया है। एक अन्य अधिकारी ने कहा आदिवासी कार्यकर्ता के पिता ने अपनी शिकायत में तीन लोगों को आरोपी बनाया था, लेकिन अभी तक हमें थाना प्रभारी के खिलाफ आरोपों की पुष्टि करने वाला कोई ठोस सबूत नहीं मिला है। हालांकि, वह जांच के दायरे में बने रहेंगे। दोनों आरोपी भी सामाजिक कार्यकर्ता हैं।
निशा के माता-पिता ने उनकी मौत के पीछे साजिश होने का आरोप लगाया है और मामले की केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) से जांच कराने की मांग की है। मां देविका भगत ने शनिवार को आरोप लगाया था कि आदिवासी नेता अजय तिर्की और उनके सहयोगियों के दबाव तथा धमकियों के कारण निशा ने यह कदम उठाया।
इस बीच, झारखंड प्रदेश भाजपा के अनुसूचित जनजाति (एसटी) मोर्चा ने निशा की कथित आत्महत्या की सीबीआई जांच की मांग को लेकर मंगलवार से दक्षिण छोटानागपुर प्रमंडल के सभी पांच जिलों में चार दिवसीय आंदोलन शुरू करने की घोषणा की।
Pic Credit : UNI

