NEET Re-Exam कल: टेलीग्राम बंद, गाड़ियों में GPS और पैरामिलिट्री का पहरा; परीक्षा से पहले जान लें नए नियम

NEET UG RE EXAM 2026

NEET UG Re-Exam 2026: 21 जून को होने वाली NEET परीक्षा के लिए सरकार और नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA)ने खास इंतजाम किए हैं। इस परीक्षा में 22.79 लाख परीक्षार्थी शामिल होंगे। परीक्षा से एक दिन पहले आज देशभर के करीब 5000 परीक्षा केंद्रों पर मॉक ड्रील हो रही। परीक्षा में किसी भी तरह की धांधली या गड़बड़ी को रोकने के लिए इस बार सुरक्षा के बेहद कड़े इंतजाम किए गए। टेलीग्राम बंद कर दिया गया है। गाड़ियों में GPS के साथ ही पैरामिलिट्री का पहरा भी है। ALSO READ: टेलीग्राम पर बैन जारी रहेगा, दिल्ली हाईकोर्ट ने केंद्र सरकार के फैसले को सही ठहराया

 

NTA ने सभी एग्जाम सेंटर्स को पहले ही अपने हैंडओवर में ले लिया। नीट परीक्षा को सुरक्षित बनाने के लिए शनिवार सुबह 9 बजे से मॉक ड्रील शुरू हो गई। यह रात तक चलेगी। इसमें करीब 2.5 लाख सुरक्षाकर्मी शामिल रहेंगे।

 

परीक्षा के लिए थ्री लेयर सिक्योरिटी

परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों का सीधा एक्सेस NTA के पास रहेगा। इस बार नीट परीक्षा को लेकर तीन लेयर सिक्योरिटी  इंतजाम किए गए हैं। प्रश्नपत्र और उत्तर पुस्तिकाओं को लाने-ले जाने और सुरक्षित रखने की पूरी जिम्मेदारी पैरामिलिट्री फोर्स को सौंपी गई है। पेपर ले जाने वाली गाड़ियों को जीपीएस ट्रेकिंग होगी। अफवाहों और पेपर लीक के दावों को रोकने के लिए एक हाईलेवल मॉनिटरिंग सेंटर बनाया गया है। सोशल मीडिया के हर प्लेटफॉर्म पर चौबीसों घंटे नजर रखी जा रही है। टेलीग्राम को 22 जून तक अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है। इसके साथ ही देश की तमाम जांच एजेंसियां, जिला प्रशासन और केंद्र व राज्य सरकारों के बड़े अधिकारी भी इस पूरी परीक्षा पर सीधा कंट्रोल रखेंगे। ALSO READ: NEET को लेकर सोशल मीडिया पर पैनी नजर, सीएम ने की समीक्षा, प्रदेश के 283 सेंटरों पर होगी परीक्षा

 

पेन-एंड-पेपर मोड में परीक्षा

NTA के अनुसार, एग्जाम दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक पेन-एंड-पेपर मोड में होगी। PwD और PwBD श्रेणी के पात्र अभ्यर्थियों को अतिरिक्त समय देते हुए शाम 6:20 बजे तक एग्जाम लिखने की अनुमति होगी। परीक्षार्थियों से 11 से 1:30 बजे के बीच परीक्षा केंद्रों पर पहुंचने को कहा गया है। वहां परीक्षा से पहले आधार बेस्ड बायोमैट्रिक वेरिफिकेशन जरूरी होगा।

 

डाउनलोड करना होगा नया एडमिट कार्ड

3 मई को जारी एडमिट कार्ड अब मान्य नहीं होंगे, क्योंकि कई छात्रों को उनकी पसंद के शहरों में नए एग्जाम सेंटर दिए गए हैं। NTA ने छात्रों को SMS, ईमेल और व्हाट्सएप के जरिए एडमिट कार्ड डाउनलोड करने के लिए मैसेज भेजे गए हैं। ALSO READ: इंदौर में तीसरी मंजिल से गिरी NEET छात्रा, अस्पताल में मौत, हादसा या नीट पेपर लीक से है कनेक्‍शन?

 

क्या है परीक्षार्थियों के लिए गाइडलाइंस?

अभ्यर्थी पारदर्शी पानी की बोतल साथ ला सकेंगे। डायबिटिक अभ्यर्थियों को शुगर टैबलेट और केला, सेब या संतरा जैसे फल लाने की अनुमति होगी। वहीं, धार्मिक या पारंपरिक पोशाक पहनने वाले तथा फुल स्लीव या ऊनी कपड़े पहनने वाले अभ्यर्थियों को जांच प्रक्रिया के लिए और पहले पहुंचने की सलाह दी गई है। सभी परीक्षा केंद्रों पर बिजली बैकअप, पर्याप्त रोशनी, पंखे, दीवार घड़ियां, पीने का पानी, शौचालय और मेडिकल सहायता की व्यवस्था की गई है।

घर से निकलने से पहले इन बातों का रखें ध्यान

 

  • NTA द्वारा जारी फ्रेश एडमिट कार्ड डाउनलोड कर साथ में रख लें। इस पर पासपोर्ट साइज फोटो पहले से चिपका होना चाहिए।
  • अटेंडेंस शीट पर चिपकाने के लिए एक एक्स्ट्रा पासपोर्ट साइज फोटो। बायोमेट्रिक टेस्ट के लिए आधार कार्ड।
  • आधी आस्तीन के टी-शर्ट या शर्ट और सिंपल ट्राउजर पहनें। कपड़ों में बड़े बटन, भारी कढ़ाई, चेन या बहुत सारे पॉकेट्स नहीं होने चाहिए।
  • परीक्षा केंद्र पर जूते और बूट्स पहनना पूरी तरह बैन है। केवल साधारण चप्पल या कम हील वाली खुली सैंडल ही पहन कर जाएं।
  • एक्जाम सेंटर पर मोबाइल, स्मार्टवॉच, ब्लूटूथ, ईयरफोन, कैलकुलेटर ले जाने की इजाजत नहीं है।
  • पेन, पेंसिल, स्केल, ज्योमेट्री बॉक्स, इरेज़र या रफ कागज परीक्षा केंद्रों पर एनटीए ही देगा।

क्यों हो रही है रीएक्जाम

3 मई 2026 को NEET-UG परीक्षा देशभर में आयोजित की गई थी। परीक्षा के बाद कई राज्यों से प्रश्नपत्र लीक होने और कुछ अभ्यर्थियों को पहले से पेपर मिलने के आरोप सामने आए। जांच में गड़बड़ियों के संकेत मिलने पर NTA ने 12 मई को परीक्षा रद्द कर दी। इसके बाद 21 जून को परीक्षा कराने का फैसला किया।

edited by : Nrapendra Gupta