
दक्षिण मुंबई के भुलेश्वर इलाके में शनिवार रात गणेश प्रतिमा आगमन समारोह के दौरान बड़ा हादसा हो गया। ‘भुलेश्वरचा राजा’ की गणेश प्रतिमा गिरने से दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दो बच्चों समेत पांच लोग घायल हो गए। नगर निगम के अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों के मुताबिक, हादसा रात करीब 10 बजे भुलेश्वर के जय अंबे चौक स्थित कबूतरखाना के पास बलराम मर्चेंट रोड पर हुआ। गणेश प्रतिमा गिरने के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। नगर निगम के एक अधिकारी ने बताया कि हादसे में घायल सभी लोगों को तत्काल नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया। हालांकि, गंभीर चोटों के चलते दो लोगों की इलाज के दौरान मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही मुंबई फायर ब्रिगेड, मुंबई पुलिस, ट्रैफिक पुलिस, 108 एंबुलेंस सेवा और नगर निगम के वार्ड कर्मचारियों को मौके पर भेजा गया। राहत और बचाव का काम तुरंत शुरू किया गया। अधिकारियों के अनुसार, मृतकों की पहचान संकेत नेवशे (33) और बृजेश हेमंत जोशी (30) के रूप में हुई है।
घायलों में वैभव घेनंद (38), पवन चौरसिया (25), 5 वर्षीय लावण्या गनेर और 7 वर्षीय दिव्या गनेर शामिल हैं। पांचवें घायल की पहचान की जानकारी अभी पूरी तरह सामने नहीं आई है। नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि सभी घायलों की हालत स्थिर है और उनका अस्पताल में इलाज चल रहा है।
महाराष्ट्र में बड़े स्तर पर मनाया जाता है गणेशोत्सव
मुंबई और महाराष्ट्र के अन्य हिस्सों में 10 दिवसीय गणेशोत्सव सबसे बड़े और व्यापक रूप से मनाए जाने वाले त्योहारों में शामिल है। इस दौरान भगवान गणपति की प्रतिमाओं को धूमधाम से पंडालों में लाया जाता है और बड़ी संख्या में श्रद्धालु इन आयोजनों में शामिल होते हैं।


