आदित्य बिड़ला ग्रुप मध्य प्रदेश लीग (MPL) टी20 सिंधिया कप 2026 में एक और हाई-स्कोरिंग रोमांचक मुकाबले में जबलपुर रॉयल लायंस ने होलकर स्टेडियम, इंदौर में भोपाल लेपर्ड्स के खिलाफ 224 रनों के विशाल लक्ष्य का सफलतापूर्वक पीछा करते हुए पांच विकेट से शानदार जीत दर्ज की। पहले बल्लेबाजी करते हुए भोपाल लेपर्ड्स ने 20 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 223 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया।
सलामी बल्लेबाज तनिष्क यादव और राहुल चंद्रोल ने पहले विकेट के लिए 45 रनों की मजबूत साझेदारी कर टीम को अच्छी शुरुआत दिलाई। चंद्रोल ने 18 गेंदों पर 28 रन बनाए, जबकि तनिष्क 17 गेंदों में 26 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद अंश बगाड़िया और कप्तान अनिकेत वर्मा ने पारी की कमान संभालते हुए तीसरे विकेट के लिए महत्वपूर्ण 83 रनों की साझेदारी की। वर्मा ने मात्र 20 गेंदों में 42 रनों की तूफानी पारी खेली, जबकि बगाड़िया ने 34 गेंदों पर 51 रन बनाकर पारी को मजबूती दी।
अंतिम ओवरों में प्रांजुल पुरी और कमल त्रिपाठी ने तेज़ रन जुटाए। पुरी ने 13 गेंदों में 27 रन बनाए, जबकि त्रिपाठी ने सिर्फ 6 गेंदों में नाबाद 20 रन ठोकते हुए टीम को 200 के पार पहुंचाया।जबलपुर रॉयल लायंस की ओर से पंकज पटेल सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने अपने चार ओवरों में 30 रन देकर 2 विकेट हासिल किए।
224 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी जबलपुर रॉयल लायंस को अर्पित गौड़ और अजय रोहेरा ने शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों बल्लेबाजों ने पहले विकेट के लिए छह ओवर पूरे होने से पहले ही 88 रन जोड़ दिए। लायंस ने पावरप्ले का पूरा फायदा उठाते हुए पहले छह ओवर में केवल एक विकेट खोकर 100 रन बना लिए।
भोपाल लेपर्ड्स ने कुछ महत्वपूर्ण विकेट लेकर मुकाबले में वापसी की कोशिश की, जिसमें अजय रोहेरा का विकेट भी शामिल था। रोहेरा ने 17 गेंदों में तेज़तर्रार 31 रन बनाए। हालांकि, वेदांत अवस्थी और रितिक ताड़ा ने लक्ष्य का पीछा जारी रखा और टीम को मजबूत स्थिति में बनाए रखा।
प्लेयर डेवलपमेंट प्रोग्राम (PDP) के खिलाड़ी वेदांत अवस्थी ने इतिहास रचते हुए एमपीएल में अर्धशतक लगाने वाले पहले पीडीपी खिलाड़ी बनने का गौरव हासिल किया। उन्होंने 34 गेंदों में 60 रनों की मैच जिताऊ पारी खेली, जिसमें पांच छक्के और तीन चौके शामिल थे। रॉयल लायंस ने अंतिम चरण में मैच पर नियंत्रण बनाए रखा और एक ओवर शेष रहते हुए लक्ष्य हासिल कर लिया।
