महाराष्ट्र : मुंबई में 25 नवंबर तक रॉकेट और हवा में फटने वाले पटाखों पर प्रतिबंध

मुंबई आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने शहर में आग लगने की कई घटनाओं के मद्देनजर सोमवार को महानगर में 25 नवंबर तक रॉकेट और हवा में फटने वाले पटाखे फोड़ने पर प्रतिबंध लगा दिया। प्राधिकरण की ओर से जारी आदेश के अनुसार, यह प्रतिबंध सभी आवासीय इमारतों, छतों, बालकनी और झुग्गी बस्तियों में लागू होगा।

दिवाली की रात ही शहर के अलग-अलग हिस्सों में आग लगने की तीन बड़ी घटनाएं सामने आईं, जिनमें कई झोपड़ियां, दुकानें, एक गैराज और एक व्यावसायिक इमारत के कुछ हिस्से जलकर खाक हो गए।

अतिरिक्त नगर आयुक्त प्राजक्ता वर्मा-लवंगारे के हस्ताक्षर वाले आदेश के मुताबिक, रॉकेट और हवा में फटने वाले पटाखे छतों, बालकनी, खिड़कियों और ज्वलनशील वस्तुओं पर गिर सकते हैं, जिससे आग लगने का खतरा हो सकता है।

Also Read : मेरे साथ बहस के बाद प्रधानमंत्री जवानों के सामने खड़े नहीं हो सकेंगे : राहुल

प्राधिकरण ने कहा कि घनी आबादी वाले इलाके, ऊंची इमारतें, झुग्गी बस्तियों, संकरी सड़कें और एक-दूसरे के करीब बने आवासीय एवं व्यावसायिक भवनों के कारण ऐसे पटाखों से आग लगने का खतरा बढ़ जाता है तथा इससे जान-माल को गंभीर खतरा हो सकता है।

आदेश के अनुसार, बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) के अधिकार क्षेत्र में यह प्रतिबंध नौ नवंबर से 25 नवंबर की रात 11 बजकर 59 मिनट तक लागू रहेगा।

आदेश में यह भी बताया गया कि रॉकेट और इसी तरह के आकाशीय पटाखों के अलावा अन्य पटाखों का इस्तेमाल मौजूदा कानूनों, सक्षम प्राधिकारियों के निर्देशों और समय-समय पर अदालतों की ओर से जारी आदेशों के अधीन होगा।

प्राधिकरण ने बताया कि लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और आग लगने की घटनाओं को रोकने के लिए ये प्रतिबंध जरूरी हैं। आदेश में सभी संबंधित अधिकारियों से लोगों को इस बारे में जागरूक करने को भी कहा गया है।

Pic Credit : UNI