
भोपाल। मध्यप्रदेश में बारिश का स्ट्रॉन्ग सिस्टम एक्टिव होने के बाद कई जिलों में पिछले 24 घंटों में हुई बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। राजधानी भोपाल सहित सीहोर, विदिशा, राजगढ़, शाजापुर, खरगौन, रतलाम, मंडला और डिंडौरी समेत कई जिलों में भारी बारिश होने के कारण इसका जनजीनवन पर असर देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक अगले 24 घंटे भी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। कई जिले हाई अलर्ट पर हैं।
भोपाल में रविवार शाम से हो रही लगातार बारिश का असर जनजीवन पर भी पड़ता दिखाई दे रहा है। बारिश के कारण सोमवार को 12वीं तक के स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी गई। हलांकि जिला प्रशासन ने छुट्टी का आदेश तब निकाला जब बारिश के बीच अधिकांश स्कूलों में बच्चे पहुंचना शुरु हो गए थे। वहीं प्रशासन के आदेश के बाद भी कई स्कूलों में पढ़ाई भी शुरु हो गई थी, जिसे बाद में छुट्टी करना पड़ा।
वहीं भोपाल में रात से हो रही लगातार बारिश के शहर के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई। होशंगाबाद रोड, मिनाल रेसीडेंसी, शाहपुरा तालाब के पास सड़क पर पानी भर गया। जलभराव के बीच वाहन चालकों को आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ा। कई जगह घरों और सड़कों तक पानी पहुंच गया है। मंत्री विश्वास सांरग ने अपने विधानसभा क्षेत्र नरेला के जलभराव वाले इलाकों का दौरा कर नगर निगम और प्रशासन के अधिकारियों को निर्देश दिए। लगातार बारिश के बीच शहर की कई कॉलोनी में जलभराव देखने को मिल रहा है।
बारिश के चलते भोपाल की ट्रैफिक व्यवस्था भी प्रभावित हुई। सोमवार सुबह घर से ऑफिस निकलने वाले लोगों को ट्रैफिक जाम की समस्या से जूझना पड़ा। होशंगाबाद रोड के साथ मिनाल क्षेत्र में लोगों ट्रैफिक जाम का सामना करना पड़ा। बारिश के चलते वीआईपी रोड और जेपी हॉस्पिटल कैंपस में पेड़ गिरने की घटनाएं भी सामने आई है।
वहीं भोपाल के साथ सीहोर में भारी बारिश से से बाणगंगा और हलाली नदी के उफान पर होने के कारण बैरसिया जाने वाले मार्ग को बंद कर दिया गया है। भोपाल-बैरसिया रोड पर पारुआ नाला भी उफान पर है, इससे आसपास के कई गांव का संपर्क कट गया है।
पिछले 24 घंटे में प्रदेश के कई इलाकों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक सोमवार सुबह 8 बजे तक भोपाल में 7 इंच, नर्मदापुरम में 4.84 इंच, रायसेन में 4.80 इंच, राजगढ़ में 4.41 इंच, पचमढ़ी में 3.43 इंच, नरसिंहपुर में 3.27 इंच और गुना में 2.99 इंच बारिश दर्ज की गई है।
बारिश के कारण निचले इलाकों में पानी भरने की स्थिति बनी हुई है। सड़कों पर जलभराव से यातायात प्रभावित हुआ है और लोगों को रोजमर्रा के कामों के लिए भी परेशानी उठानी पड़ रही है। मौसम विभाग के अनुसार मध्यप्रदेश में सक्रिय स्ट्रॉन्ग सिस्टम के कारण बारिश का दौर अभी थमने वाला नहीं है। अगले 24 घंटे कई इलाकों के लिए महत्वपूर्ण रहेंगे। प्रशासन और स्थानीय एजेंसियों को जलभराव वाले क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने की जरूरत है। लगातार बारिश के बीच लोगों से भी निचले इलाकों और जलभराव वाले रास्तों पर अनावश्यक आवाजाही से बचने की अपील की जा रही है।

