
पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस (TMC) की नेता ममता बनर्जी की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल उठे हैं। ममता बनर्जी के गुट ने आरोप लगाया है कि कोलकाता के कालीघाट स्थित उनके आवास के बाहर एक महिला ने उन पर चाकू से हमला करने की कोशिश की। बताया जा रहा है कि घटना उस समय हुई, जब ममता बनर्जी दुर्गा पूजा पंडाल का उद्घाटन करने के लिए घर से निकल रही थीं।
TMC के ममता बनर्जी गुट के दावों के मुताबिक, महिला कालीघाट स्थित उनके आवास के बाहर पहुंची और कथित तौर पर ममता बनर्जी की साड़ी खींची। आरोप है कि महिला के पास से चाकू भी बरामद हुआ। मौके पर मौजूद पार्टी कार्यकर्ताओं ने महिला को पकड़ लिया और बाद में उसे कालीघाट पुलिस के हवाले कर दिया।
ममता बनर्जी को ‘पिशी’ कहकर दौड़ी महिला?
स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, कथित घटना शाम करीब 6 बजे हुई। बताया जा रहा है कि महिला ममता बनर्जी को ‘पिशी’ यानी बुआ कहकर उनकी ओर दौड़ी। आरोप है कि उसने ममता बनर्जी की ओर झपटने की कोशिश की। इसके बाद वह सड़क पर लेट गई और कथित तौर पर गाली-गलौज करने लगी।
रिपोर्टों के मुताबिक, पुलिस को सौंपने से पहले TMC कार्यकर्ताओं ने महिला को जमीन पर दबोच लिया और उससे पूछताछ की। इस दौरान महिला के कथित तौर पर विरोध करने की बात भी सामने आई है।
ALSO READ: China : लद्दाख को लेकर चीन की कुटिल करतूत, बताया भारत का अवैध कब्जा, 28 जगहों के नाम बदलने पर भड़का
ममता बनर्जी की सुरक्षा पर उठे सवाल
इस कथित घटना के बाद TMC नेताओं ने ममता बनर्जी की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है। हालांकि, घटना से जुड़े आरोपों, महिला के पास चाकू मिलने और हमले की कोशिश के संबंध में पुलिस की आधिकारिक पुष्टि तथा जांच के निष्कर्ष सामने आने के बाद ही पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।


