
नोएडा में गार्ड्स को गालियां देने वाली महिला सामने आई है। उसने स्वीकार किया है कि हां उसने शराब पर रखी थी, लेकिन इस बात का कोई पछतावा नहीं है। बता दें कि हाल ही में एक वीडियो सामने आया था, जिसमें एक महिला सोसायटी के सिक्योरिटी गार्ड्स को गालियां दे रही थी।
वीडियो ग्रेटर नोएडा वेस्ट की आम्रपाली सेंचुरियन पार्क टेरेस होम्स सोसाइटी का था, जिसमें महिला ना केवल गालियां दे रही थी, बल्कि जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए धमकी भी दे रही थी। यह वीडियो सोशल मीडिया में जमकर वायरल हो रहा है और लोगों में इसे लेकर बहस चल रही है।
कौन हैं महिला और उसने क्या कहा : बता दें कि महिला का नाम येशा कुमार है और वह आम्रपाली सेंचुरियन पार्क टेरेस होम्स सोसाइटी में ही रहती हैं। इंडियन एक्सप्रेस की खबर के मुताबिक, 45 वर्षीय येशा ने कहा कि वो घटना उनके लिए एक बुरे सपने के जैसी है और वह उसे याद नहीं करना चाहती। शुक्रवार को सोसाइटी के सिक्योरिटी सुपरवाइजर ने उनके खिलाफ पुलिस में शिकायत भी दर्ज कराई। येशा ने बताया, 'मैं सोसायटी में अकेली रहती हूं और यही वजह है कि कुछ लोग मुझे जानबूझकर निशाना बनाते हैं। वो घटना 25 अगस्त की है, जब रात में करीब 2:30 बजे उन्होंने कुछ सामान ऑनलाइन ऑर्डर किया। सिक्योरिटी गार्ड डिलीवरी बॉय को ऊपर नहीं आने दे रहे थे। मैंने उस समय शराब पी रखी थी और इसीलिए मैं नीचे नहीं जाना चाहती थी, लेकिन उन लोगों ने कहा कि मुझे ऑर्डर लेने के लिए नीचे ही आना होगा।'
लोग मुझे टारगेट करते हैं, क्योंकि मैं अकेली रहती हूं : सोसाइटी के लोगों पर आरोप लगाते हुए येशा ने कहा, 'मैं मानती हूं कि मैंने शराब पी रखी थी और बहुत ज्यादा गुस्से में थी, लेकिन मुझे किसी बात का अफसोस नहीं है। मैं माफी नहीं मांगूंगी, क्योंकि मैंने कुछ गलत नहीं किया। सोसाइटी के कुछ लोग और मैनेजमेट मुझे निशाना बनाते हैं, क्योंकि मैं अकेली रहती हूं। बिना नोटिस के मेरी बिजली काट दी गई। ये लोग नौकरानी को मेरे घर नहीं आने देते। मैं एक पढ़े-लिखे परिवार से आती हूं और आप किसी से भी मेरे बैकग्राउंड के बारे में पूछ सकते हैं।'
लोगों को बोल्ड महिलाएं पसंद नहीं : येशा का एक बयान वायरल हो रहा है, जिसमें वो उनका कहना है कि 'मैंने सोसाइटी में कभी किसी को परेशान नहीं किया। मैं जो करती हूं, अपने घर के अंदर करती हूं और किसी को उसमें दखल देने या रोक-टोक करने का हक नहीं है। वो मुझे पागल कहते हैं, लेकिन मैं पागल नहीं हूं। मैंने ये घर खरीदा है और इसी घर में रहूंगी। किसी भी महिला को अकेले रहने और मनमर्जी जिंदगी जीने का हक है, लेकिन लोग बोल्ड महिलाओं को पसंद नहीं करते। मैं लेडी श्रीराम कॉलेज से पढ़ी हूं और एक मॉडल के तौर पर भी काम कर चुकी हूं। फिलहाल इवेंट्स के काम में जुड़ी हूं और मेरा अपना कपड़ों का ब्रांड भी है।'
क्या था पूरा मामला : पुलिस को दी गई शिकायत में सिक्योरिटी एजेंसी ने बताया कि गार्ड्स ने डिलीवरी बॉय को सोसाइटी के गेट नंबर 2 पर रोका था और उसे अंदर आने के लिए महिला से परमिशन मांगी थी। जब परमिशन नहीं मिली, तो डिलीवरी बॉय ने महिला को फोन किया और कहा कि वह गेट पर इंतजार कर रहा है। इसके बाद महिला नीचे आई और गार्ड्स को गालियां देना शुरू कर दिया। इतना ही नहीं, उन्होंने गार्ड्स के साथ हाथापाई भी की। सोसाइटी के सिक्योरिटी सुपरवाइजर अमित शर्मा ने बताया कि घटना के वक्त मैं मौके पर मौजूद था। महिला गालियां दिए जा रही थी और कुछ भी सुनने को तैयार नहीं थी। जब मैंने पुलिस को फोन करने की कोशिश की, तो उन्होंने मुझे थप्पड़ मारा, तब मैंने उन्हें पीछे हटाया और कहा कि हाथापाई ना करें। उस कोशिश में मेरा फोन भी नीचे गिर गया और उसकी स्क्रीन टूट गई। हम चाहते हैं कि पुलिस मामले में जांच करे और सख्त कार्रवाई करे। साथ ही मोबाइल को हुए नुकसान के लिए उनसे हर्जाना भी लिया जाए।' बता दें कि नोएडा का ये मामला पिछले कुछ घंटों से लगातार वायरल हो रहा है। इस घटना के बाद सोशल मीडिया में सिंगल रहने वाली महिलाओं को लेकर बहस भी चल रही है।


