
जयनगर कॉलोनी महू के रहने वाले कमल किशोर पाल ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का नाम रोशन किया है। उन्होंने किर्गिस्तान के ईसिक-कुल में आयोजित 13वीं वर्ल्ड स्ट्रेंथलिफ्टिंग और इन्क्लाइन बेंच प्रेस चैंपियनशिप 2026 में देश का प्रतिनिधित्व करते हुए 2 स्वर्ण पदक अपने नाम किए हैं।
कमल किशोर पाल ने इस विश्व चैंपियनशिप की 85 किलोग्राम भार वर्ग स्पर्धा में हिस्सा लिया, जिसमें उनका वास्तविक वजन 83.8 किलोग्राम दर्ज किया गया। उन्होंने दुनियाभर से आए एथलीटों को कड़ी टक्कर देते हुए शानदार प्रदर्शन किया। स्ट्रेंथलिफ्टिंग स्पर्धा में उन्होंने कुल 195 किलोग्राम का वजन उठाकर, जिसमें टू हैंड कर्लिंग में 45 किग्रा और हैक लिफ्ट में 150 किग्रा शामिल है। प्रथम स्थान हासिल किया।
इसके साथ ही उन्होंने इन्क्लाइन बेंच प्रेस में भी देश के लिए स्वर्ण पदक जीता। उनकी इस ऐतिहासिक सफलता पर महू, पीथमपुर सहित पूरे प्रदेश में हर्ष का माहौल है। क्षेत्र के खेलप्रेमियों, परिजनों और गणमान्य नागरिकों ने इसे पीथमपुर के लिए एक गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया है और कमल किशोर को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।

