खड़गे की रैली के बाद मंच के ‘शुद्धिकरण’ पर बवाल, नाराज कांग्रेस ने लगाए गंभीर आरोप

खड़गे की रैली के बाद मंच के ‘शुद्धिकरण’ पर बवाल, नाराज कांग्रेस ने लगाए गंभीर आरोप

mallikarjun kharge

उत्तराखंड के हल्द्वानी में मल्लिकार्जुन खड़गे की रैली के बाद मंच का हिन्दू संगठनों ने शुद्धिकरण किया। इस पर कांग्रेस पार्टी ने कड़ी आपत्ति जताई है और आरोपियों पर कार्रवाई की मांग की। पार्टी ने इस मामले में भाजपा पर कई गंभीर आरोप लगाए। ALSO READ: बिना प्याज-लहसुन की मछली शाकाहारी? संजय निषाद के बयान पर नेहा सिंह राठौर का तंज, मुंबई में घर को लेकर भी बवाल

 

क्या है मामला?

गौरतलब है कि 8 अगस्त को उत्तराखंड के हल्द्वानी में कांग्रेस की विजय शंखनाद सभा आयोजन किया गया था। इसमें कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जन खरगे, प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा और नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य शामिल हुए जो दलित वर्ग से आते हैं।

 

कार्यक्रम के बाद हिंदू संगठन श्रीराम सेना धर्मार्थ सेवा न्यास ने इस मैदान का शुद्धिकरण किया। इस दौरान उन्होंने वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ पूजा-पाठ और यज्ञ किया। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस की रैली में मंच से इस्लामिक नारे लगाए गए। इस वजह से यहां की धार्मिक पवित्रता प्रभावित हुई। ALSO READ: मनमोहन सिंह के अपमान के लिए खुद को भी माफ कर लें मोदी, कोयला घोटाले में क्लीन चिट के बाद सोनिया गांधी का तीखा तंज

खरगे ने राज्यसभा में उठाया मुद्दा

राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने राज्यसभा में हल्दवानी में शुद्धिकरण का मुद्दा उठाते हुए कहा कि हल्दवानी में मेरा अपमान किया है। इस पर जेपी नड्‍डा ने घटना को दुखदाई बताते हुए कहा कि भाजपा ऐसी घटना का समर्थन नहीं करती। 

क्या बोले उत्तराखंड कांग्रेस अध्यक्ष?

उत्तराखंड कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि हल्द्वानी में कांग्रेस अध्यक्ष श्री मल्लिकार्जुन खरगे ने जिस मंच से जनता को संबोधित किया, उसी मंच का BJP से जुड़े लोगों द्वारा ‘शुद्धिकरण’ किया जाना बेहद आहत करने वाला और निंदनीय है। यह घटना BJP की जातिगत भेदभाव और संकीर्ण मानसिकता को दर्शाती है, समाज में द्वेष और विभाजन को बढ़ावा देती है। 

 

उन्होंने कहा कि नैनीताल के एसएसपी से आग्रह है कि इस मामले का संज्ञान लेकर निष्पक्ष जांच करें और यदि कानून का उल्लंघन हुआ है तो दोषियों के विरुद्ध उचित कार्रवाई सुनिश्चित करें। जातिगत भेदभाव का लोकतांत्रिक भारत में कोई स्थान नहीं है। हम लोकतांत्रिक और संवैधानिक तरीके से ऐसी ओछी मानसिकता का पुरजोर विरोध करते हैं।

ऋषिकेश में प्रदर्शन

इस बीच भाजपा सरकार द्वारा सरकारी मशीनरी के कथित दुरुपयोग, कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे जी के अपमान एवं नैनीताल के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ अभद्रता के विरोध में परवादून जिला कांग्रेस के अंतर्गत ऋषिकेश महानगर कांग्रेस एवं डोईवाला नगर कांग्रेस द्वारा भाजपा सरकार का पुतला दहन कर जोरदार विरोध-प्रदर्शन किया गया।