
Weather Update: भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 7 जुलाई 2026 को देश के विभिन्न राज्यों में मानसून के तेजी से सक्रिय होने और कई हिस्सों में मूसलाधार बारिश, जलभराव व बाढ़ जैसी स्थिति को लेकर चेतावनी जारी की है। पश्चिम भारत के तटीय इलाकों से लेकर उत्तर भारत के मैदानी व पहाड़ी क्षेत्रों में अगले 24 से 48 घंटों के दौरान भारी से अत्यधिक भारी बारिश का अलर्ट दिया गया है।
उत्तर भारत में कैसा रहेगा मौसम?
दिल्ली और एनसीआर में आसमान में बादल छाए रहने और मध्यम स्तर की बारिश की संभावना है। नमी के कारण तापमान 33–35°C के आसपास रहेगा, जिससे उमस महसूस हो सकती है। पश्चिमी यूपी में कुछ स्थानों पर मध्यम से भारी बारिश (7–11 सेमी) दर्ज की जा सकती है। पूर्वी यूपी में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बौछारें पड़ने का अनुमान है। पहाड़ी राज्यों- उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश भूस्खलन (Landslide) और नदियों के उफान पर रहने का अलर्ट है। दोनों राज्यों में अनेक स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश (12–20 सेमी) की चेतावनी दी गई है। दूसरी ओर, मानसून के आगे बढ़ने के साथ ही पंजाब और हरियाणा के अधिकांश जिलों में गरज के साथ बारिश की संभावना है।
मुंबई ठाणे में बारिश का रेडअलर्ट
कोंकण, मुंबई, ठाणे और मध्य महाराष्ट्र के घाट क्षेत्रों में अत्यधिक भारी बारिश का ऑरेंज/रेड अलर्ट जारी किया गया है। मुंबई के निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन सकती है। गुजरात रीजन और सौराष्ट्र के कई इलाकों में अत्यधिक भारी बारिश और 50-60 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है। पश्चिमी और पूर्वी मध्य प्रदेश में मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। छत्तीसगढ़ में कई जगहों पर गरज-चमक के साथ बारिश का अनुमान है।
कर्नाटक और केरल में मूसलाधार बारिश
दक्षिण भारत में तटीय कर्नाटक (मंगलोर, उडुपी) और केरल में मूसलाधार बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। यहां तेज हवाओं के साथ समुद्र में ऊंची लहरें उठने की चेतावनी दी गई है। तमिलनाडु और तटीय आंध्र प्रदेश के कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होगी। हालांकि, दिन के समय तापमान सामान्य से थोड़ा अधिक रहने और उमस बढ़ने की संभावना है।
पूर्वोत्तर में बाढ़ का खतरा
असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में भारी बारिश से नदियों का जलस्तर बढ़ सकता है, जिससे निचले इलाकों में बाढ़ का खतरा बना हुआ है। झारखंड और ओडिशा पर बने कम दबाव के क्षेत्र के कारण ओडिशा और बिहार के कई जिलों में मध्यम से भारी बारिश और वज्रपात (आकाशीय बिजली) का अलर्ट है। मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है कि पहाड़ी क्षेत्रों और नदी-नालों के आसपास रहने वाले लोग सुरक्षित स्थानों पर रहें।

