जापान में 5.9 तीव्रता के भूकंप से दहला पूर्वी हिस्सा, टोक्यो तक महसूस हुए झटके, 23 लोग घायल

जापान में 5.9 तीव्रता के भूकंप से दहला पूर्वी हिस्सा, टोक्यो तक महसूस हुए झटके, 23 लोग घायल

earthquake

जापान में रविवार तड़के 5.9 तीव्रता के भूकंप ने पूर्वी हिस्से को हिला दिया। भूकंप के तेज झटके टोक्यो और आसपास के इलाकों में भी महसूस किए गए। अधिकारियों के मुताबिक, इस प्राकृतिक आपदा में 23 लोग घायल हुए हैं, हालांकि ज्यादातर लोगों को मामूली चोटें आई हैं। अधिकारियों ने बताया कि सुनामी का कोई खतरा नहीं है।

ALSO READ: मुंबई के भुलेश्वर इलाके में गणेश प्रतिमा आगमन समारोह के दौरान हादसा, 2 की मौत, 5 घायल, 2 बच्चे भी शामिल

जापान मौसम विज्ञान एजेंसी (JMA) के अनुसार, भूकंप इबाराकी प्रांत के दक्षिणी हिस्से में 70 किलोमीटर की गहराई पर आया। यह क्षेत्र जापान के उन इलाकों में शामिल है, जहां अक्सर भूकंप आते रहते हैं। अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) ने भूकंप की शुरुआती तीव्रता 5.8 दर्ज की।

 

चार प्रांतों में 23 लोग घायल

 

प्रांतीय अधिकारियों के मुताबिक, भूकंप के कारण क्षेत्र के चार प्रांतों में कुल 23 लोग घायल हुए। इनमें सैतामा में 9, कानागावा में 9, चिबा में 4 और इबाराकी में 1 व्यक्ति घायल हुआ। अधिकारियों के मुताबिक, ज्यादातर लोग भूकंप के समय सो रहे थे। अचानक तेज झटके महसूस होने पर वे घबराकर बिस्तर से उठे और गिर पड़े या फर्नीचर और दरवाजों से टकरा गए।

 

योमिउरी अखबार के अनुसार, कानागावा प्रांत के योकोहामा में 80 साल की एक महिला बिस्तर से गिर गईं और उनके कूल्हे में गंभीर चोट आई।

 

ट्रेनों की आवाजाही प्रभावित

 

भूकंप के बाद टोक्यो और नारिता एयरपोर्ट को जोड़ने वाली एक्सप्रेस ट्रेनों के संचालन में देरी हुई। पूर्वोत्तर क्षेत्रों की कुछ स्थानीय ट्रेन सेवाएं भी प्रभावित हुईं। हालांकि, ईस्ट जापान रेलवे कंपनी के मुताबिक शिंकानसेन बुलेट ट्रेन सेवाएं सामान्य रूप से चलती रहीं।
 

टोक्यो में पानी की पाइपलाइन फटी, बिजली भी गुल

 

भूकंप के झटकों के कारण टोक्यो के कोटो इलाके में भूमिगत पानी की पाइपलाइन टूट गई, जिससे सड़क पर पानी भर गया। बाद में कर्मचारियों ने पाइपलाइन की मरम्मत कर रिसाव रोक दिया। TEPCO Power Grid के अनुसार, भूकंप के कारण टोक्यो में करीब 460 घरों की बिजली आपूर्ति बाधित हुई थी, लेकिन रविवार सुबह तक बिजली बहाल कर दी गई।

 

जापान की परमाणु नियामक प्राधिकरण ने बताया कि करीब एक दर्जन परमाणु संयंत्रों और परमाणु सामग्री से संबंधित अन्य प्रतिष्ठानों से किसी तरह की असामान्य स्थिति की सूचना नहीं मिली।