इंदौर के बांबे अस्पताल के पास धंसी सड़क, नगर निगम का फायर टैंकर ही फंस गया

इंदौर के बांबे अस्पताल के पास धंसी सड़क, नगर निगम का फायर टैंकर ही फंस गया

road

इंदौर में विकास कार्यों किस कदर बदहाल है इसका एक और ताजा मामला सामने आया है। बता दें कि इंदौर में सड़कों के धंसने और गहरे गड्ढे होने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। कहीं सीवरेज चैंबरों में लीकेज तो कहीं पाइपलाइन में खराबी के कारण सड़कें धंसने की आशंका जताई जा रही है। इंदौर में लगातार सड़कों पर गहरे गड्ढे होने और सड़क धंसने के मामले सामने आ रहे हैं। कुछ दिनों पहले पढ़रीनाथ क्षेत्र में सड़क धंस गई थी।

सोमवार को बांबे अस्पताल क्षेत्र की एक गली में उस वक्त सड़क धंस गई, जब वहां से पानी का टैंकर गुजर रहा था। टैंकर का पहिया गड्ढे में फंस गया। इसके बाद क्रेन की मदद से टैंकर को बाहर निकाला गया। सड़क के जिस हिस्से में गड्ढा हुआ, उसके पास ही एक चैंबर था। अब अधिकारी यह पता लगा रहे हैं कि गड्ढा किन कारणों से हुआ।

इंदौर में सीवरेज प्रोजेक्ट के तहत कई जगहों पर लाइनें डाली गईं और चैंबर बनाए गए, लेकिन इनके निर्माण के दौरान अधिकारियों ने गुणवत्ता पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया। चैंबरों में लीकेज के कारण आसपास की मिट्टी धंसने लगी और इसके बाद सड़कें भी धंसने लगीं। शहर की कई सड़कों पर इस तरह की समस्या सामने आई है। बांबे अस्पताल क्षेत्र में जिस जगह गड्ढा हुआ, वहां भी पास में चैंबर था।

अब तक शहर में कई स्थानों पर सड़क धंसने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। राजवाड़ा क्षेत्र में स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत बनी सड़क के नीचे करीब तीन महीने पहले नर्मदा लाइन को भरकर चार्ज किया गया था। इस दौरान लाइन फूट गई और सड़क धंस गई। इसके अलावा रावजी बाजार, मेघदूत गार्डन रोड और पढ़रीनाथ क्षेत्र में भी सड़क पर गड्ढे होने के मामले सामने आ चुके हैं। रावजी बाजार क्षेत्र में गड्ढे की गहराई 15 फीट से अधिक थी।