
Gujarat bomb threat: ईमेल के जरिए गुजरात के मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) और हाईकोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद हड़कंप मच गया है। इस धमकी भरे ईमेल की सूचना मिलते ही सुरक्षा एजेंसियां तुरंत सतर्क हो गईं। घटना की गंभीरता को देखते हुए बम निरोधक दस्ते (Bomb Squad) और डॉग स्क्वाड की टीमों ने सीएम ऑफिस परिसर में पहुंचकर सघन चेकिंग अभियान शुरू कर दिया। सुरक्षा के मद्देनजर पूरे इलाके की बारीकी से जांच की गई।
उल्लेखनीय है कि सीएम ऑफिस से पहले गुजरात हाईकोर्ट जैसी महत्वपूर्ण न्यायिक संस्था को भी बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। हाईकोर्ट को भेजे गए ईमेल में ‘खालिस्तान’ नाम का उल्लेख किया गया था, जिससे पुलिस महकमे में अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही सोला पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए। हालांकि बताया जा रहा है कि दोनों ही जगह जांच में कुछ नहीं निकला।
हाईकोर्ट और सीएम ऑफिस दोनों प्रमुख परिसरों में किसी भी संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री की मौजूदगी की आशंका को देखते हुए व्यापक तलाशी अभियान चलाया गया। बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वाड की टीमों ने भी हर संभावित जगह की जांच की ताकि किसी भी तरह के खतरे से समय रहते निपटा जा सके। लगातार मिली इन धमकियों के बाद दोनों परिसरों की सुरक्षा व्यवस्था को बेहद सख्त कर दिया गया है। यह धमकी भरा ईमेल किसने और किस मकसद से भेजा है, इसकी पूरी जानकारी साइबर जांच के बाद ही सामने आ पाएगी।


