Delhi Metro: दिवाली पर बदल गई दिल्ली मेट्रो की टाइमिंग, जानें कब मिलेगी पहली और आखिरी ट्रेन

दिवाली पर दिल्ली मेट्रो से सफर करने वालों के लिए जरूरी खबर है। दिवाली के मौके पर दिल्ली मेट्रो यात्रियों की सुविधा के लिए अपने समय में बदलाव किया है। कुछ मेट्रो लाइन पर ट्रेनें सुबह एक घंटे पहले चलेंगी, वहीं सभी लाइनों पर आखिरी मेट्रो रात 11 बजे की जगह 10 बजे चलेगी। ऐसे में अगर आप दिवाली के दिन मेट्रो से यात्रा करने की योजना बना रहे हैं, तो घर से निकलने से पहले नया टाइम टेबल जरूर जान लें। आइए जानते हैं किन-किन रूट पर हुआ है ये बदलाव

कितने बजे से चलेगी पहली मेट्रो

सोशल मीडिया शेयर किए गए पोस्ट में DMRC ने बताया, पिंक, मैजेंटा और ग्रे लाइन पर मेट्रो सेवा रविवार को तय समय से एक घंटा पहले शुरू होगी। आमतौर पर इन तीनों लाइनों पर पहली मेट्रो सुबह 7 बजे चलती है, लेकिन दिवाली पर यात्री सुबह 6 बजे से सफर कर सकेंगे। वहीं, आखिरी मेट्रो के समय में भी बदलाव किया गया। इन लाइनों पर रात 11 बजे की जगह आखिरी ट्रेन रात 10 बजे चलेगी।

कहां से कहां तक चलेगी मेट्रो

पिंक लाइन पर मजलिस पार्क से शिव विहार, मैजेंटा लाइन पर बॉटनिकल गार्डन से कृष्णा पार्क एक्सटेंशन और मजलिस पार्क से दीपाली चौक तक सुबह मेट्रो चलेगी। इसके अलावा, ग्रे लाइन पर द्वारका से ढांसा बस स्टैंड तक भी सुबह मेट्रो सेवा उपलब्ध रहेगी। इससे त्योहार के दिन यात्रियों को आने-जाने में आसानी होगी।

 

रात में कब मिलेगी आखिरी मेट्रो

दिवाली के त्योहार को ध्यान में रखते हुए दिल्ली मेट्रो ने आखिरी ट्रेन के समय में भी बदलाव किया है। एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन समेत सभी मेट्रो रूट पर आखिरी ट्रेन अब रात 11 बजे की बजाय 10 बजे टर्मिनल स्टेशन से रवाना होगी। DMRC ने यात्रियों से अपील की है कि वे नए समय के अनुसार ही अपनी यात्रा की योजना बनाएं। साथ ही मेट्रो से जुड़ी किसी भी नई जानकारी के लिए दिल्ली मेट्रो की आधिकारिक वेबसाइट और सोशल मीडिया पेज पर नजर बनाए रखें।