Gold Silver Prices Today: सोने और चांदी में जोरदार तेजी, सिल्वर दो दिन में 6% उछला

Gold Silver Prices Today: सोने और चांदी की कीमतों में लगातार दूसरे दिन तेजी दिखी। इससे सोने का भाव चढ़कर एक हफ्ते के सबसे हाई लेवल पर पहुंच गया। इसकी बड़ी वजह क्रूड ऑयल की कीमतों में नरमी है। ब्रेंट क्रूड 108-109 डॉलर से घटकर 104 डॉलर पर आ गया है। इससे बुलियन की कीमतों को सपोर्ट मिला है।

सोने और चांदी में लगादार दो दिन तेजी

अंतरराष्ट्रीय बाजार में 16 सितंबर को फेडरल रिजर्व के इंटरेस्ट रेट बढ़ाने के बाद सोने और चांदी में गिरावट आई थी। लेकिन, क्रूड में नरमी की वजह से लगातार दो दिन बुलियन में अच्छी तेजी दिखी है। चांदी की कीमतें तो दो दिन में करीब 6 फीसदी उछल गई हैं। इनवेस्टर्स ने अमेरिका में इंटरेस्ट रेट बढ़ने के बावजूद सोने और चांदी में दिलचस्पी दिखाई है।

स्पॉट गोल्ड 4,350 डॉलर प्रति औंस पर पहुंचा

18 सितंबर को अंतरराष्ट्रीय बाजार में स्पॉट गोल्ड 0.24 फीसदी चढ़कर 4,350 डॉलर प्रति औंस पर चल रहा था। स्पॉट सिल्वर 1.64 फीसदी के उछाल के साथ 66 डॉलर प्रति औंस पर चल रहा था। इधर, भारत में भी गोल्ड फ्यूचर्स और सिल्वर फ्यूचर्स में अच्छी तेजी देखने को मिली। कमोडिटी एक्सचेंज एमसीएक्स में शाम के कारोबार में गोल्ड फ्यूचर्स 0.29 फीसदी यानी 449 रुपये चढ़कर 1,53,430 रुपये प्रति 10 ग्राम पर चल रहा था।

एमसीएक्स में सिल्वर फ्यूचर्स में 1900 रुपये का उछाल

एमसीएक्स में सिल्वर फ्यूचर्स में भी अच्छी तेजी दिखी। यह 0.80 फीसदी यानी 1,896 रुपये चढ़कर 2,40,101 रुपये किलोग्राम पर चल रहा था। एक्सपर्ट का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में गोल्ड को 4,400-4,440 की रेंज में रेसिस्टेंस का सामना करना पड़ेगा। अगर यह लेवल टूट जाता है तो गोल्ड में आगे तेजी दिख सकती है।

यह भी पढ़ें: Silver Gold Price Today : MCX पर सोने-चांदी में तेजी, आज इन अहम लेवल्स पर रहे नजर

मध्यपूर्व में तनाव घटाने की कोशिश सफल हुई तो आएगी बड़ी तेजी

उधर, मध्यपूर्व में अमेरिका और ईरान के बीच समझौते के लिए कूटनीतिक कोशिशें चल रही हैं। अगर अगले हफ्ते इस मामले में कुछ प्रगति होती है तो क्रूड की कीमतों में गिरावट आ सकती है। इससे सोने और चांदी को सपोर्ट मिलेगा। हालांकि, अमेरिकी केंद्रीय बैंक फेडरल रिजर्व सख्त मॉनेटरी पॉलिसी के संकेत दिए हैं। यह माना जा रहा है कि फेड एक बार फिर इंटरेस्ट रेट बढ़ा सकता है। इंटरेस्ट रेट बढ़ने पर सोने की चमक घट जाती है। इसलिए सोने में फिलहाल बड़ी तेजी की उम्मीद नहीं है।