दुनिया के 50 सबसे प्रदूषित शहरों में 49 भारत के, दिल्ली-भोपाल में AQI 400 पार, राजस्‍थान का श्रीगंगानगर दुनि‍या का सबसे प्रदूषि‍त

दुनिया के 50 सबसे प्रदूषित शहरों में 49 भारत के, दिल्ली-भोपाल में AQI 400 पार, राजस्‍थान का श्रीगंगानगर दुनि‍या का सबसे प्रदूषि‍त

दि‍वाली ने भारत को सबसे प्रदूषि‍त शहरों में सबसे ऊपर लाकर खडा कर दि‍या है। दुनिया के 50 सबसे प्रदूषित शहरों में 49 भारत के हैं। AQI.in के आंकड़ों के मुताबिक, आज सुबह 9:54 बजे राजस्थान का श्रीगंगानगर दुनिया का सबसे प्रदूषित शहर रहा। यहां AQI 821 दर्ज किया गया। इस सूची में भारत के अलावा सिर्फ पाकिस्तान का लाहौर शामिल था। लाहौर 430 AQI के साथ 14वें स्थान पर रहा।

वहीं, दिवाली के बाद दिल्ली से लेकर मध्य प्रदेश तक प्रदूषण गंभीर बना हुआ है। दिल्ली में मंगलवार सुबह 6 बजे चांदनी चौक का AQI 400 के पार रहा, जबकि कई इलाकों में यह 300 से ज्यादा दर्ज किया गया।

मध्य प्रदेश के भोपाल, उज्जैन और हरियाणा के बहादुरगढ़ में भी AQI 400 के पार पहुंच गया है। यूपी के नोएडा में AQI 332, बुलंदशहर में 331, गाजियाबाद में 324 दर्ज किया गया। एमपी में रात का तापमान 11°C और यूपी में 15°C तक गिर गया है।

एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 201 से 300 तक होने पर हवा खराब मानी जाती है। 301 से 400 तक बहुत खराब और 401 से 500 गंभीर श्रेणी होती है। गंभीर प्रदूषण का असर स्वस्थ लोगों पर भी पड़ सकता है।

तमिलनाडु के थूथुकुडी समेत कई इलाकों में लगातार बारिश हो रही है। मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तराखंड के उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में आज बारिश की संभावना है। आंध्र प्रदेश, केरल और लक्षद्वीप में तेज हवाएं चलने की संभावना है।

सुप्रीम कोर्ट ने 4 राज्यों से गाड़ियों के प्रदूषण पर जवाब मांगा : सुप्रीम कोर्ट ने दिल्ली-NCR में गाड़ियों से होने वाले प्रदूषण पर चिंता जताई है। कोर्ट ने कहा कि गाड़ियों से निकलने वाले धुएं में तेजी से बढ़ोतरी हुई है। इस पर तुरंत कदम उठाने की जरूरत है। कोर्ट ने दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और हरियाणा सरकारों के साथ MCD और दिल्ली पुलिस से जवाब मांगा है। कोर्ट ने पूछा है कि तय उम्र पूरी कर चुकी और प्रदूषण मानकों का पालन नहीं करने वाली गाड़ियों की एंट्री और उनके चलने पर रोक लगाने के लिए क्या कदम उठाए गए हैं। साथ ही, ऐसी गाड़ियों की पहचान और जांच की व्यवस्था की जानकारी भी मांगी है। इसमें PUC सर्टिफिकेट की अनिवार्यता लागू कराने के कदम शामिल हैं। चीफ जस्टिस सूर्यकांत और जस्टिस जॉयमाल्य बागची व वी. मोहना की बेंच ने कमर्शियल और निजी गाड़ियों के लिए लागू नियमों और उन्हें लागू करने की व्यवस्था का ब्योरा मांगा है। खास तौर पर पड़ोसी राज्यों से दिल्ली-NCR में आने वाली गाड़ियों पर जानकारी देने को कहा गया है।