दिल्ली में CJP के प्रदर्शन में जाने वाले युवाओं को मध्यप्रदेश में रोका, भोपाल में बरकतउल्ला यूनिवर्सिटी के बाहर NSUI का प्रदर्शन

दिल्ली में CJP के प्रदर्शन में जाने वाले युवाओं को मध्यप्रदेश में रोका, भोपाल में बरकतउल्ला यूनिवर्सिटी के बाहर NSUI का प्रदर्शन

भोपाल। दिल्ली के जंतर-मंतर पर शनिवार को  कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन का असर मध्यप्रदेश में भी दिखाई देने लगा है। प्रदर्शन में शामिल होने दिल्ली जा रहे युवाओं को प्रदेश के अलग-अलग स्थानों पर रोके जाने के दावे सामने आए हैं। भोपाल में बरकतउल्ला विश्वविद्यालय के गेस्ट हाउस को अस्थायी डिटेन सेंटर बनाए जाने के विरोध में NSUI ने प्रदर्शन किया। इस दौरान पुलिस और संगठन के कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की भी हुई।

 

प्रदर्शन का नेतृत्व NSUI के प्रदेश उपाध्यक्ष रवि परमार और जिला अध्यक्ष अक्षय तोमर ने किया। कार्यकर्ताओं ने हिरासत में लिए गए युवाओं से मुलाकात कराने और उन्हें तत्काल रिहा करने की मांग की। दिल्ली जाने वाली ट्रेनों पर असर, युवाओं को रोकने का दावा-प्रदर्शन में शामिल होने के लिए दिल्ली जा रहे युवाओं को रोकने की कार्रवाई का असर प्रदेश में भी देखने को मिल रहा है।

भोपाल सहित मध्यप्रदेश से दिल्ली जाने वाली कई ट्रेनों को रद्द किए जाने की बात सामने आई है। वहीं प्रदेश से गुजरने वाली कुछ ट्रेनों में दिल्ली जा रहे समर्थकों को कई स्थानों पर ट्रेनों से उतारा गया है। इसके अलावा ग्वालियर और भिंड जिले के गोहद में कुछ युवाओं को पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए जाने की जानकारी सामने आई है। 


भोपाल में BU के बाहर प्रदर्शन-भोपाल में NSUI कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि दिल्ली में प्रस्तावित प्रदर्शन में शामिल होने जा रहे युवाओं को बरकतउल्ला विश्वविद्यालय के गेस्ट हाउस में रोका गया है। संगठन ने इसे युवाओं की लोकतांत्रिक आवाज दबाने की कोशिश बताते हुए विरोध जताया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने युवाओं से मुलाकात कराने और उनकी तत्काल रिहाई की मांग की। इसी दौरान पुलिस प्रशासन और NSUI कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की हुई।

 

NSUI के प्रदेश उपाध्यक्ष रवि परमार ने आरोप लगाया कि देश में अघोषित आपातकाल जैसे हालात बन रहे हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली जा रहे युवाओं को भोपाल, इटारसी और अन्य स्थानों पर रोके जाने की शिकायतें सामने आ रही हैं।

परमार ने भाजपा सरकार पर विरोध की आवाज दबाने के लिए प्रशासन का इस्तेमाल करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा वोट चोरों को बचाने के लिए युवाओं को दिल्ली जाने से रोका जा रहा है। सरकार चाहे जितने प्रतिबंध लगा ले, युवा अपने अधिकारों की लड़ाई से पीछे नहीं हटेंगे। NSUI के जिला अध्यक्ष अक्षय तोमर ने कहा कि लोकतंत्र में युवाओं को अपनी बात रखने और शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने का अधिकार है। उन्होंने आरोप लगाया कि युवाओं को हिरासत में रखकर उनकी आवाज दबाने का प्रयास किया जा रहा है। NSUI ने चेतावनी दी है कि यदि युवाओं को रोकने और उनके लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन करने की कार्रवाई जारी रही, तो संगठन व्यापक आंदोलन करेगा।