
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोमवार को दुबई के वर्ल्ड ट्रेड सेंटर में आयोजित प्रतिष्ठित 'एआईएम कांग्रेस-2026' में शिरकत की। इस अंतरराष्ट्रीय मंच पर मुख्यमंत्री ने मध्य प्रदेश में निवेश के अपार अवसरों, सुदृढ़ औद्योगिक नीति और अनुकूल व्यावसायिक माहौल को वैश्विक निवेशकों के समक्ष प्रस्तुत किया। दौरे के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. यादव और लूलू ग्रुप के चेयरमैन श्री युसूफ अली के बीच एक महत्वपूर्ण वन-टू-वन बैठक संपन्न हुई।
अबू धाबी मुख्यालय वाले इस बहुराष्ट्रीय समूह के साथ बैठक में मध्य प्रदेश में मॉर्डन रिटेल, सुपरमार्केट डवपलपमेंट, एग्री प्रिक्योरमेंट एंड एक्सपोर्ट, फूड प्रोसेसिंग इंफ्रा, कोल्ड चेन, लॉजिस्टिक्स और वेयरहाउसिंग के क्षेत्र में विस्तार की संभावनाओं पर विचार-विमर्श किया गया। श्री युसूफ अली ने मध्यप्रदेश में लोकेशन सर्वे के लिए आने का भरोसा दिलाया।
मध्य प्रदेश के कृषि उत्पादों की प्रत्यक्ष खरीद पर केंद्रित रही चर्चा
बैठक का मुख्य केंद्र बिंदु प्रदेश के किसानों और कृषि क्षेत्र को वैश्विक बाजार से जोड़ना रहा। मुख्यमंत्री ने लूलू ग्रुप के विशाल वैश्विक रिटेल नेटवर्क के माध्यम से मध्य प्रदेश से गेहूं, प्याज, सब्जियों और अन्य कृषि उपजों की प्रत्यक्ष खरीद को बढ़ावा देने पर विशेष बल दिया, जिससे प्रदेश के किसानों को उनकी उपज का बेहतर व अंतरराष्ट्रीय मूल्य प्राप्त हो सके।
लूलू ग्रुप का वैश्विक प्रभाव और भारत में उपस्थिति
वर्ष 2000 में स्थापित लूलू ग्रुप वर्तमान में एशिया, मिडिल ईस्ट और यूनाइटेड किंगडम में 250 से अधिक हाइपरमार्केट और सुपरमार्केट संचालित करता है, जिसमें 65,000 से अधिक कर्मचारी कार्यरत हैं। भारत में केरल, उत्तर प्रदेश, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, गुजरात और तमिलनाडु में समूह की व्यापक मौजूदगी है। वित्तीय वर्ष 2025 में 7.93 बिलियन अमेरिकी डॉलर (लगभग 69,100 करोड़ रुपये) का टर्नओवर दर्ज करने वाला यह समूह अब मध्य प्रदेश के साथ अपनी आपूर्ति श्रृंखला को सशक्त करने की दिशा में अग्रसर है।


