
CJP Delhi Protest : कॉकरोच जनता पार्टी ने 10 अक्टूबर को दिल्ली में प्रदर्शन का ऐलान किया है। हालांकि, दिल्ली पुलिस ने इस प्रदर्शन की इजाजत नहीं दी है। शहर में धारा 163 लागू कर दी गई है। प्रदर्शन के मद्देनजर रेलवे ने दिल्ली आने वाली कई ट्रेनें रद्द कर दी है। आज रात 9 बजे से 57 मेट्रो स्टेशन भी बंद रहेंगे। राजधानी में शनिवार को शराब दुकानें भी बंद रहेगी। ALSO READ: दिल्ली में CJP के प्रदर्शन पर रोक: जंतर-मंतर पर मार्च की अनुमति नहीं, शहर में धारा 163 लागू
रेल सेवाएं प्रभावित
सीजेपी प्रोटेस्ट की वजह से नई दिल्ली और हजरत निजामुद्दीन आने वाली कई ट्रेनें शुरुआती स्टेशनों से ही रद्द कर दी गई हैं। CJP प्रोटेस्ट को लेकर दिल्ली में सुरक्षा के इंतजाम कड़े किए गए हैं। नई दिल्ली रेलवे स्टेशन तक जाने वाले रास्तों पर पाबंदियां लगाई गई। इस वजह से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस बीच दिल्ली पुलिस ने मेट्रो स्टेशन बंद करने के लिए डीएमआरसी को चिट्ठी लिखी है। इन स्टेशनों पर एंट्री और एक्जिट बंद रहने की संभावना है। ALSO READ: ध्रुव राठी के बर्थडे पर छाया ‘10 अक्टूबर चलो दिल्ली’ का नारा, अभिजीत दीपके ने शेयर किया वीडियो
प्रदर्शन को क्यों नहीं मिली अनुमति?
दिल्ली पुलिस के ज्वाइंट कमिश्नर नूपुर प्रसाद ने कहा, प्रदर्शन को लेकर पुलिस को सूचना देर से दी गई। पुलिस को 10 दिन पहले सूचना देना जरूरी है। सीजेपी की चिट्ठी 7 अक्टूबर को मिली। इसमें निर्धारित प्रक्रिया का पालन नहीं हुआ। इस वजह से प्रदर्शन को अनुमति नहीं दे गई। उन्होंने साफ कहा कि धारा 163 के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई होगी।
दिल्ली पुलिस की लोगों से अपील
दिल्ली पुलिस ने 10 अक्टूबर 2026 को जंतर-मंतर पर ‘कॉकरोच जनता पार्टी के प्रस्तावित प्रदर्शन को गैर-कानूनी करार देते हुए अनुमति देने से इनकार कर दिया है। सोशल मीडिया पर DCP सृष्टि पांडे का एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें वह लोगों से शांति बनाए रखने और 10 अक्टूबर के CJP प्रोटेस्ट से दूर रहने की अपील कर रही है।
उन्होंने कहा कि हमारी तैयारी पूरी है और जरूरी फोर्स तैनात कर दी गई है। हम पूरी तरह तैयार हैं और हमारे सभी संसाधन और इंतजाम मौजूद हैं। मैं आम जनता से अपील करती हूं कि वे किसी के बहकावे में आकर ऐसे गैर-कानूनी विरोध प्रदर्शनों में शामिल न हों।
पुलिस अधिकारी ने कहा कि अगर वे प्रदर्शन में शामिल हों भी तो वहां कोई गैर-कानूनी काम न करें, सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान न पहुंचाएं और न ही पुलिसकर्मियों पर हमला करें। यह विरोध प्रदर्शन गैर-कानूनी है और इसके लिए इजाजत नहीं दी गई है।
दिल्ली में शराब दुकानें भी बंद
दिल्ली एक्साइज विभाग के अनुसार, दिल्ली पुलिस से मिले इनपुट के आधार पर राजधानी में सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए 9 और 10 अक्टूबर 2026 को शराब की दुकानें बंद रहेंगी।


