
कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के नेता अभिजीत दिपके को शुक्रवार, 16 अक्टूबर को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में ले लिया। पुलिस के मुताबिक, दिपके कनॉट प्लेस में पार्टी के प्रस्तावित ‘लहरा दो तिरंगा’ प्रदर्शन में शामिल होने के लिए अपने आवास से निकल रहे थे। इसी दौरान पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया।
हिरासत में लिए जाने की कार्रवाई पर अभिजीत दिपके ने सवाल उठाते हुए पूछा, “मैंने कौन-सा कानून तोड़ा है?” पुलिस ने उन्हें बताया कि वह नई दिल्ली नहीं जा सकते और उन्हें हिरासत में लिया जा रहा है।
घर पहुंची 20 से ज्यादा पुलिसकर्मियों की टीम
जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार को दिन में 20 से अधिक दिल्ली पुलिसकर्मी झंडेवालान स्थित अभिजीत दिपके के आवास पर पहुंचे थे। पुलिस ने उन्हें एक नोटिस भी दिया। इसमें उनसे ऐसी किसी भी गतिविधि से दूर रहने को कहा गया, जिससे नागरिकों, व्यापारियों, राहगीरों, मरीजों और अन्य लोगों के अधिकार प्रभावित हो सकते हैं।
कनॉट प्लेस में प्रस्तावित था ‘लहरा दो तिरंगा’ प्रदर्शन
CJP की ओर से कनॉट प्लेस में ‘लहरा दो तिरंगा’ नाम से प्रदर्शन प्रस्तावित था। इसी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए दिपके जा रहे थे। हालांकि, पुलिस ने उन्हें रास्ते में ही हिरासत में ले लिया।


