क्या आपने कभी सोचा है कि बैंक फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) कैसे काम करता है, EMI पर लिया गया किफायती दिखने वाला लोन वास्तव में कितना महंगा पड़ सकता है या आज के 100 रुपये की कीमत 5 साल बाद कितनी होगी? दअरअसल, ये ऐसे सवाल है जो हर व्यक्ति के मन में चलते रहते हैं। कुछ लोग ही इनका जवाब जानने की कोशिश करते हैं। खासकर बच्चों को तो इस दुनिया के बारे में कुछ भी पता नहीं होता। लेकिन, अब बच्चे भी इन चीजों के बारे में सीखेंगे।
NCERT की किताब में पर्सनल फाइनेंस के चैप्टर्स
NCERT की कक्षा 9 की नई सोशल साइंस की किताब में दो ऐसे अध्याय शामिल किए गए हैं, जो अगर हमें स्कूल के दिनों में पढ़ने को मिल गए होते तो शायद आज हमारे पास भी काफी पैसे होते। दरअसल, सेविंग्स और इनवेस्टमेंट एक आदत है। कई लोग सोचते हैं कि सेविंग्स और इनवेस्टमेंट के लिए मोटी कमाई होनी चाहिए। लेकिन, यह सच नहीं है। छोटी-छोटी सेविंग्स से बड़ा फंड बनाया जा सकता है। इसकी शुरुआत स्कूली दिनों से हो सकती है।
बैंक एफडी, म्यूचुअल फंड्स और शेयरों की जानकारी
पहले अध्याय का नाम ‘Managing Your Personal Finances’ है। इसकी शुरुआत बच्चों की रोजमर्रा की जिंदगी से होती है। इसमें पॉकेट मनी और त्योहारों पर रिश्तेदारों से मिलने वाले पैसों का उदाहरण दिया गया है। बच्चों को समझाया जाता है कि इन पैसों को खर्च करना बेहतर है या गुल्लक में जमा करना। इसके बाद अध्याय में बजट बनाने, बचत करने और कम उम्र से निवेश शुरू करने के फायदों के बारे में बताया गया है। इसमें फिक्स्ड डिपॉजिट, बॉन्ड, शेयर और म्यूचुअल फंड जैसे निवेश विकल्पों की जानकारी दी गई है।
स्टार्टअप्स के बारे में भी सीखेंगे स्कूली बच्चे
खास बात यह है कि पहली बार कक्षा 9 के विद्यार्थी इनकम टैक्स के बारे में भी सीखेंगे। उन्हें यह भी बताया जाएगा कि ईमानदारी से टैक्स चुकाना एक जिम्मेदार नागरिक की भूमिका का हिस्सा है। दूसरे अध्याय का नाम ‘From Ideas to Startups’ है। यह बच्चों को कारोबार और उद्यमिता की बुनियादी समझ देने पर केंद्रित है। इसमें स्कूल के मेले में नींबू पानी का स्टॉल लगाने का उदाहरण दिया गया है। बच्चों को सोचना होगा कि नींबू और चीनी खरीदने में कितना खर्च आएगा, एक गिलास की कीमत कितनी रखनी चाहिए और आखिर में उन्हें मुनाफा हुआ या नुकसान। इस अध्याय की खास बात यह है कि इसमें बच्चों को कारोबार शुरू करने और जोखिम उठाने से डरने के बजाय इसे सीखने और समझने के अवसर के रूप में पेश किया गया है।
यह भी पढ़ें: Post Office vs Bank FD: कहां मिल रहा है सबसे तगड़ा ब्याज? 5 साल के लिए ₹1 लाख पर किसमें होगा ज्यादा मुनाफा
कम उम्र में निवेश शुरू करने के फायदे
कम उम्र से निवेश शुरू करना क्यों जरूरी है, इसे कंपाउंडिंग के एक उदाहरण से समझा जा सकता है। मान लीजिए कोई व्यक्ति 25 साल की उम्र से हर महीने 5,000 रुपये निवेश करना शुरू करता है और उसे सालाना 10 फीसदी रिटर्न मिलता है। अगर वह 60 साल की उम्र तक निवेश जारी रखता है तो उसका निवेश बढ़कर करीब 1.9 करोड़ रुपये हो सकता है। वहीं, अगर वह निवेश की शुरुआत 35 साल की उम्र में करता है तो 60 साल तक उसका फंड करीब 66 लाख रुपये ही होगा।

