बिहार के वैशाली में गंगा नदी में नाव डूबी, 13 मासूम बच्चों की दर्दनाक मौत से मातम

बिहार के वैशाली में गंगा नदी में नाव डूबी, 13 मासूम बच्चों की दर्दनाक मौत से मातम

bihar boat accident

बिहार में वैशाली जिले के राघोपुर से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली खबर सामने आई है। जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार देर शाम गंगा नदी में एक ओवरलोडेड नाव पलटने से 13 बच्चों की डूबकर मौत हो गई। इस भीषण हादसे के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है। प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति ने जताया शोक, केंद्र और राज्य सरकार ने मुआवजे का किया ऐलान।

 

मृत्यु भोज में शामिल होने जा रहे थे ग्रामीण

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, एक छोटी नाव पर क्षमता से अधिक यानी करीब 20 से 25 लोग सवार थे। ये सभी लोग एक मृत्यु भोज में शामिल होने के लिए नदी पार कर जा रहे थे। रात करीब 8:30 बजे (जिला मुख्यालय से लगभग 70 किलोमीटर दूर) अचानक संतुलन बिगड़ने से नाव नदी के बीचों-बीच पलट गई। अंधेरा होने के कारण राहत और बचाव कार्य में शुरुआती अड़चनें आईं, लेकिन स्थानीय गोताखोरों और राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) की टीम ने तुरंत मोर्चा संभालते हुए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।

 

हादसे में जान गंवाने वाले बच्चों की पहचान मीरा कुमारी, निशु कुमारी, अनिशा कुमारी, सुनीता कुमारी, आर्यन कुमार, मोहन कुमार, अमृता कुमारी, अंकिता कुमारी, पिंकी कुमारी, नमन कुमार, सिकी कुमारी, भोनू कुमारी और सोनम कुमारी के रूप में हुई है। 

 

राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने जताया गहरा शोक

इस हृदयविदारक घटना पर देश के शीर्ष नेतृत्व ने गहरा दुख व्यक्त किया है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सोशल मीडिया के जरिए अपनी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि वैशाली में बच्चों की मौत की खबर अत्यंत मर्माहत करने वाली है। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों को इस दुख को सहने की शक्ति मिलने की कामना की है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने घटना पर दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों के लिए आर्थिक सहायता का ऐलान किया है। पीएमओ (PMO) द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक, प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की सहायता दी जाएगी।

बिहार सरकार ने भी की मुआवजे की घोषणा

राज्य सरकार ने भी इस त्रासदी पर संवेदनशीलता दिखाते हुए मृतकों के आश्रितों के लिए मुआवजे का ऐलान किया है। मुख्यमंत्री के निर्देश पर आपदा प्रबंधन के तहत मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये की आर्थिक मदद देने की घोषणा की गई है। इस तरह केंद्र और राज्य सरकार की ओर से कुल मिलाकर प्रत्येक मृतक के परिवार को 6 लाख रुपये की सहायता मिलेगी। धिकारियों को घायलों के समुचित इलाज और राहत कार्यों में किसी भी तरह की ढिलाई न बरतने के कड़े निर्देश दिए गए हैं।

 

तेजस्वी यादव ने जताया आक्रोश और शोक

राघोपुर से स्थानीय विधायक और राजद नेता तेजस्वी यादव ने इस घटना को अपूरणीय क्षति बताया है। उन्होंने आशंका जताई है कि इस हादसे में मृतकों की वास्तविक संख्या और अधिक (लगभग 30 के करीब) हो सकती है। उन्होंने कहा कि वे पटना पहुंचते ही सीधे राघोपुर घटनास्थल का दौरा करेंगे और पीड़ित परिवारों से मिलेंगे। तेजस्वी ने हादसे में बच्चों को खोने वाले परिवारों के प्रति संवेदना जताई। उन्होंने प्रशासन से प्रभावित परिवारों को हरसंभव मदद देने की अपील की।