भारतीय महिला निशानेबाजों ने किया कमाल, 50 मीटर राइफल में जीता सिल्वर

Shooting Competition

भारत की तिलोत्तमा सेन, विदर्सा विनोद और आशी चौकसी की तिकड़ी ने एशियाई खेलों में शनिवार को महिलाओं की 50 मीटर राइफल थ्री पोजिशंस में रजत पदक जीता और तिलोत्तमा व्यक्तिगत स्पर्धा में चौथे स्थान पर रही।भारतीय टीम ने 1763 अंक बनाकर दूसरा स्थान हासिल किया। चीन ने 1773 अंक लेकर खेलों के रिकॉर्ड के साथ स्वर्ण पदक जीता जबकि कजाखस्तान को कांस्य पदक मिला।

व्यक्तिगत फाइनल में तिलोत्तमा ने अहम मौके पर 9.4 स्कोर किया जिससे पदक करीब से हाथ से निकल गया। विदर्सा 327.4 अंक लेकर पांचवें स्थान पर रही।तिलोत्तमा फाइनल में पहले 25 शॉट के बाद आगे चल रही थी और 30 शॉट के बाद तीसरे स्थान पर खिसक गई। उनका स्कोर 337.3 रहा।

चीन की जिआयु हान ने 359. 0 के एशियाई चैम्पियनशिप रिकॉर्ड के साथ स्वर्ण पदक जीता। चीन की ही लियुआन झांग (358 . 8) को रजत और दक्षिण कोरिया की जियुन किम (348.4) को कांस्य पदक मिला।

फाइनल में नीलिंग पोजिशन के बाद तिलोत्तमा 102.4 अंक लेकर पांचवें और विदर्सा 102.1 अंक के साथ छठे स्थान पर थी। प्रोन में दोनों का प्रदर्शन औसत रहा लेकिन स्टैंडिंग में उन्होंने वापसी की जो पदक दिलाने के लिये काफी नहीं थी।

इससे पहले क्वालीफिकेशन में आशी और तिलोत्तमा शीर्ष तीन में रहे जिन्होंने 395.25 एक्स और 395.23 एक्स स्कोर किया।विदर्सा ने 588 स्कोर करके क्वालीफिकेशन में छठा स्थान हासिल किया।विश्व में 107वीं रैंकिंग पर काबिज तिलोत्तमा नीलिंग, प्रोन और स्टैंडिंग में कुल 590 अंक लेकर तीसरे स्थान पर रही। वहीं आशी ने 585 अंक बनाये।

आशी और तिलोत्तमा ने नीलिंग और प्रोन चरण में 395 स्कोर किया जिसमें आशी ने इनर 10 में 25 और तिलोत्तमा ने 23 निशाने लगाये।तिलोत्तमा ने स्टैंडिंग में बेहतर प्रदर्शन करके 590 स्कोर किया और शीर्ष तीन में पहुंच गई।विदर्सा ने भी फाइनल में जगह बनाई। 50 मीटर राइफल थ्री पोजिशंस में निशानेबाज नीलिंग, प्रोन और स्टैंडिंग पोजिशन में निशाने लगाते हैं।