Asian Games के उद्धाटन समारोह में मनु भाकर और पवन सेहरावत ने ध्वजवाहक बन की भारत की अगुवाई (Video)

Manu Bhakar

Asian Games जापान के आइची-नागोया स्थित पालोमा मिजुहो स्टेडियम में एशियाई खेलों के भव्य उद्घाटन समारोह में दो बार की ओलंपिक पदक विजेता निशानेबाज मनु भाकर और कबड्डी खिलाड़ी पवन सहरावत ने ध्वजवाहक बनकर भारतीय दल की अगुवाई की।

एशियन गेम्स के दो बार के मौजूदा चैंपियन शॉट पुटर तेजिंदरपाल सिंह तूर को शुरू में भारत का ध्वजवाहक चुना गया था, लेकिन अपनी सेरेमोनियल किट के बिना पहुंचने के कारण उनकी जगह पवन सहरावत को यह जिम्मेदारी दी गई, जिससे आखिरी समय में बदलाव करना पड़ा।

स्टार निशानेबाज मनु भाकर और कबड्डी खिलाड़ी पवन सहरावत की अगुवाई में भारत ने तालियों की गड़गड़ाहट के बीच खिलाड़ियों की परेड में प्रवेश किया। गहरे नीली (नेवी ब्लू) साड़ी और बंदगले की औपचारिक जैकेट पहने मनु दर्शकों का अभिवादन करती नजर आईं। उन्होंने सहरावत के साथ 150 सदस्यीय भारतीय दल की अगुवाई की।भारतीय पुरुष खिलाड़ियों ने भी गहरे नीले रंग की बंदगले की औपचारिक जैकेट और उससे मेल खाती पतलून पहनी थी।

हालांकि भारत का एशियाई खेलों का अभियान नए खेल टेकबॉल के माध्यम से पहले ही शुरु हो गया था। भारत टेकबॉल में पदक की तलाश में है, जो आइची-नागोया 2026 में एशियन गेम्स में डेब्यू कर रहा है। क्विम्सी डिसूजा वूमेंस सिंगल्स सेमीफाइनल में इंडोनेशिया की सुमाया के खिलाफ 1-2 से हारने के बाद रविवार को कांस्य पदक के लिए खेलेंगी। डिसूजा ने मोहम्मद अनस इमरान बेग के साथ मिलकर मिश्रित युगल के कांस्य पदक मुकाबले के लिए भी क्वालीफाई कर लिया है।गौरतलब है कि भारत का 502 खिलाड़ियों का दल हांगजाऊ में जीते 107 पदकों का बचाव करने उतरेगा।

ऐसा रहा उद्धघाटन समारोह

‘हार्मोनिक हार्ट बीट’ थीम के साथ जापान ने अपने इतिहास में तीसरी बार एशियाई खिलाड़ियों का स्वागत किया। इससे पहले 1958 में तोक्यो और 1994 में हिरोशिमा में एशियाई खेलों का आयोजन हुआ था। उद्घाटन समारोह का मुख्य आकर्षण दिल के आकार का मुख्य मंच रहा जिसे ‘वन एशिया’ की थीम को दर्शाने के लिए तैयार किया गया था। यह पूरे महाद्वीप के खिलाड़ियों और लोगों के एक-दूसरे से दिल से जुड़ने का प्रतीक था।

30,000 दर्शकों की क्षमता वाले खचाखच भरे मिजुहो पार्क एथलेटिक स्टेडियम में आयोजित इस शानदार समारोह में आइची की औद्योगिक तकनीक और पारंपरिक कला का अनूठा मेल देखने को मिला। पारंपरिक जापानी काबुकी मंच के साथ एक विशाल रोबोटिक भुजा को झंडा लहराते हुए दिखाया गया।

दो घंटे के उद्घाटन समारोह के बीच में जापान के सम्राट नारुहितो ने 20वें एशियाई खेलों के शुरू होने की घोषणा की। इस मौके पर महारानी मासाको, एशिया की ओलंपिक परिषद के अध्यक्ष शेख जोआन बिन हमद अल थानी और अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति की अध्यक्ष कर्स्टी कोवेंट्री भी मौजूद रहीं।

आइची प्रांत में टोयोटा मोटर कॉरपोरेशन का मुख्यालय होने के कारण समारोह में कंपनी से जुड़ी तकनीकी उपलब्धि की झलक भी दिखाई गई। टोयोटा द्वारा तोक्यो 2020 ओलंपिक और पैरालंपिक खेलों के लिए विकसित कम गति वाले विशेष परिवहन वाहन ‘एपीएम’ (एक्सेसिबल पीपल मूवर) ने समारोह में प्रमुख भूमिका निभाई।

हालांकि इस बड़े बहु-खेल प्रतियोगिता की तैयारियां कई प्रशासनिक चूकों, लॉजिस्टिक समस्याओं और तंग आवास व्यवस्था से प्रभावित रहीं। इसके चलते आयोजन समिति और एशियाई ओलंपिक परिषद को लगातार सफाई देनी पड़ी।

इन अव्यवस्थाओं से जापान की छवि को भी नुकसान पहुंचा जबकि वह पहले 2002 में फीफा विश्व कप के अलावा 1964 और 2021 में ओलंपिक जैसे बड़े अंतरराष्ट्रीय आयोजनों की सफल मेजबानी कर चुका है।