
BCCI सचिव देवजीत सैकिया ने आश्वसन दिया है कि महिला और पुरुष दोनों ही एशिया कप ट्रॉफ़ी बीसीसीआई के मुंबई स्थित मुख्यालय तक पहुंच जाएंगी।पिछले सप्ताह भारतीय महिला खिलाड़ियों ने एशियन क्रिकेट काउंसिल (एसीसी) के अध्यक्ष मोहसिन नक़वी के हाथ से विजेता के मेडल और एशिया कप की ट्रॉफ़ी लेने से इंकार कर दिया था।
नक़वी पीसीबी के अध्यक्ष और पाकिस्तान के इंटीरियर मिनिस्टर भी हैं। ऐसी ही घटना पिछले साल सितंबर में दुबई में पुरुष एशिया कप फ़ाइनल के बाद भी हुई थी।
ऐसी ही स्थिति इस समय जारी एशियन गेम्स के दौरान भी देखने को भी मिल सकती है जो कि एसीसी के अंतर्गत ही खेली जाती है और भारत की पुरुष और महिला दोनों टीमों के स्वर्ण पदक के लिए निर्णायक मुक़ाबला खेलने की उम्मीद है।
Both Asia Cup trophies will eventually land at BCCI headquarters, says Devajit Saikia https://t.co/JHse3oQVJG@lonsaikia
— YesPunjab.com (@yespunjab) September 19, 2026
शुक्रवार को मुंबई में हुई बीसीसीआई की 95वीं आम वार्षिक बैठक के बाद सैकिया ने कहा, “एशिया कप ट्रॉफ़ी को लेकर हमें उम्मीद है कि यह एक दिन यहां ज़रूर पहुंचेंगी। मैं आपको एक तय अवधि नहीं बता सकता लेकिन मैं आपको यह आश्वासन ज़रूर दे सकता हूं कि यह ट्रॉफ़ी आएंगी और मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम स्थित बीसीसीआई के मुख्यालय में पहुंचेंगी।”
सैकिया की टिप्पणी ऐसे समय सामने आई है जब एसीसी अध्यक्ष के रूप में नक़वी का कार्यकाल अपनी समाप्ति की ओर है। उनका कार्यकाल अप्रैल 2027 में समाप्त होगा।
रविवार को दुबई में एशिया कप फ़ाइनल में श्रीलंका को 72 रनों से हराने के बाद भारतीय टीम ने अपना मेडल प्रेज़ेंटेशन कार्यक्रम आयोजित किया था। सैकिया और बीसीसीआई के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने नंदनी शर्मा को फ़ील्डिंग मेडल दिया था, जिन्होंने फ़ाइनल में दो डाइविंग कैच लपके थे। एक दिन बाद सैकिया ने भी कहा था कि नक़वी के हाथ से अवॉर्ड न लेना एक संस्थागत निर्णय था।

