Apollo Pipes की टाइल्स बिजनेस में एंट्री, Mazzini Tiles LLP में खरीदा 76% हिस्सा; चढ़ सकता है शेयर

अपोलो पाइप्स अब टाइल्स बिजनेस में एंट्री कर रही है। कंपनी की नई बनी सब्सिडियरी अपोलो सिरेमिक्स लिमिटेड ने Mazzini Tiles LLP में 76 प्रतिशत हिस्सेदारी और प्रॉफिट शेयरिंग राइट्स खरीदे हैं। यह सौदा 40.42 करोड़ रुपये में हुआ है। डील कंप्लीट हो चुकी है और अब अपोलो पाइप्स का Mazzini Tiles में कंट्रोलिंग स्टेक होगा। कंपनी ने इस बारे में शेयर बाजारों को जानकारी दी है। यह रिलेटेड पार्टी ट्रांजेक्शन नहीं है। यह ट्रांजेक्शन अपोलो पाइप्स के उस इनवेस्टमेंट प्लान का हिस्सा है, जिसके तहत कंपनी के बोर्ड ने टाइल्स और सिरेमिक्स बिजनेस के लिए 300 करोड़ रुपये तक के निवेश को मंजूरी दी है।

Mazzini Tiles मुख्य रूप से टाइल्स और सिरेमिक प्रोडक्ट बनाती है। इसकी मैन्युफैक्चरिंग यूनिट मोरबी, गुजरात में है। कंपनी 5 अप्रैल, 2017 को रजिस्टर हुई थी। कंपनी का वित्त वर्ष 2025-26 में टर्नओवर 87.15 करोड़ रुपये रहा। टर्नओवर वित्त वर्ष 2025 में 76.67 करोड़ रुपये और वित्त वर्ष 2024 में 78.23 करोड़ रुपये था। अपोलो पाइप्स के अनुसार, Mazzini की सालाना मैन्युफैक्चरिंग क्षमता 72 लाख स्क्वायर मीटर है। इसका घरेलू नेटवर्क मजबूत है और प्रमुख अंतरराष्ट्रीय बाजारों में इसका एक्सपोर्ट बढ़ रहा है।

अपोलो पाइप्स लिमिटेड के मैनेजिंग डायरेक्टर समीर गुप्ता का कहना है कि Mazzini Tiles के जरिए सिरेमिक टाइल्स के क्षेत्र में प्रवेश, ग्रुप की बिल्डिंग मैटीरियल जर्नी का एक सोच-समझकर किया गया विस्तार है। Mazzini के पास मोरबी में एक ऑपरेटिंग बेस, आधुनिक मैन्युफैक्चरिंग क्षमता, एक स्थापित घरेलू नेटवर्क और तेजी से बढ़ता एक्सपोर्ट कारोबार है। इससे एक आकर्षक कैटेगरी में मजबूत शुरुआती बेस मिलता है।

Apollo Pipes का शेयर 2026 में अब तक 84 प्रतिशत मजबूत

इस डेवलपमेंट के बाद सोमवार, 21 सितंबर को अपोलो पाइप्स के शेयर में तेजी देखने को मिल सकती है। शेयर की वर्तमान कीमत BSE पर 543.40 रुपये है। कंपनी का मार्केट कैप 2400 करोड़ रुपये के करीब है। कंपनी में जून 2026 के आखिर तक प्रमोटर्स के पास 51.72 प्रतिशत हिस्सेदारी थी। शेयर की फेस वैल्यू 10 रुपये है। शेयर 6 महीनों में 34 प्रतिशत और साल 2026 में अब तक 84 प्रतिशत उछला है।

शेयर का BSE पर 52 सप्ताह का एडजस्टेड हाई 670.10 रुपये और एडजस्टेड लो 252.80 रुपये है। कंपनी का अप्रैल-जून 2026 तिमाही में रेवेन्यू 244.32 करोड़ रुपये रहा। वित्त वर्ष 2026 के दौरान रेवेन्यू 887.45 करोड़ रुपये दर्ज किया गया।