Adani Group Stocks : अदाणी ग्रुप के शेयरों पर जेफरीज का बुलिश नजरिया, सभी 6 शेयरों पर ‘बाय’ रेटिंग के साथ शुरू की कवरेज

Adani Group Stocks : ग्लोबल इन्वेस्टमेंट बैंक जेफरीज़ ने अदाणी ग्रुप को लेकर पॉजिटिव नजरिया जाहिर किया है और अपनी कवरेज में शामिल अदाणी ग्रुप की सभी छह कंपनियों को ‘बाय’ रेटिंग दी है। ब्रोकरेज को उम्मीद है कि वित्त वर्ष 2026 से वित्त वर्ष 2029 के बीच, अदाणी ग्रुप की ये छह कंपनियां लगभग 23% की EBITDA और अर्निंग्स पर शेयर (EPS) CAGR (कंपाउंडेड एनुअल ग्रोथ रेट) दर्ज करेंगी।

जेफरीज़ ने अपनी ताजी इक्विटी रिसर्च रिपोर्ट (जिसका शीर्षक ‘डिकोडिंग इंडियन कांग्लोमरेट्स: अदाणी ग्रुप – अ प्ले ऑन हार्ड एसेट्स’ है) में कहा है कि हमें उम्मीद है कि अदाणी ग्रुप अगले तीन सालों में EBITDA और कमाई में लगभग 23% की सालाना ग्रोथ हासिल करेगा। इसमें वॉल्यूम ग्रोथ, ऑपरेटिंग लेवरेज, मार्केट शेयर में बढ़ोतरी और अभी शुरुआती दौर में चल रहे कारोबारों से मिलने वाले योगदान का सपोर्ट मिलेगा।

अदाणी ग्रुप भारत का सबसे बड़ा हार्ड-एसेट प्लेटफॉर्म : जेफरीज

अदाणी ग्रुप की कंपनियों को भारत का सबसे बड़ा हार्ड-एसेट प्लेटफॉर्म बताते हुए, जेफरीज ने इंफ्रास्ट्रक्चर, पावर, पोर्ट्स, एयरपोर्ट्स और सीमेंट जैसे सेक्टरों में इसकी मजबूत स्थिति को उजागर किया है।

आज जारी अपनी रिपोर्ट में ब्रोकरेज फर्म ने कहा है कि अदाणी ग्रुप की कंपनियां मजबूत अर्निंग ग्रोथ दर्ज करने की स्थिति में हैं। इसके पीछे इंफ्रास्ट्रक्चर का विस्तार, बढ़ती क्षमता का उपयोग (capacity utilisation) और बेहतर होता कैश फ्लो जैसे फैक्टर काम कर रहे हैं।

जेफ़रीज़ ने कहा है कि अदाणी समूह की कंपनियों ने FY17 से FY26 के बीच 20% का EBITDA CAGR हासिल किया है और साथ ही अहम इंफ्रास्ट्रक्चर सेक्टर्स में अपनी लीडिंग पोजीशन बनाए रखी है। उसका अनुमान है कि यूटिलिटी-बेस्ड कैपिटल एक्सपेंडिचर के चलते FY26 से FY29 के बीच 23% का EBITDA CAGR देखने को मिलेगा। इसे ऑपरेशंस से मिलने वाले फंड (FFO) की मजबूत स्थिति का सपोर्ट हासिल है, जिसमें 65% से अधिक कैश फ्लो रेगुलेटेड और स्टेबल नेचर का है।

जेफरीज ने अदाणी ग्रुप की सभी छह कंपनियों में दी खरीदारी की सलाह

अपना पॉजिटिव नजरिया दोहराते हुए जेफ़रीज़ ने कहा है कि वह अपने कवरेज में शामिल अदाणी ग्रुप की सभी छह कंपनियों (अदाणी एंटरप्राइजेज, अदाणी ग्रीन एनर्जी, अदाणी पोर्ट्स, अदाणी एनर्जी सॉल्यूशंस,अदाणी पावर और अंबुजा सीमेंट्स) को Buy की रेटिंग दे रही है। जेफरीज़ का अनुमान है कि वित्त वर्ष 2029 ) तक, ग्रुप के कुल EBITDA योगदान के मामले में अदाणी पावर लिमिटेड (APL), अदाणी पोर्ट्स एंड SEZ (APSEZ) से आगे निकल सकती है।

अदाणी पावर (APL) पर जेफरीज

जेफरीज का कहना है कि अदाणी ग्रीन एनर्जी (AGEL) के साथ-साथ, अदाणी पावर (APL) भी ग्रुप के भीतर सबसे बड़ा पूंजीगत व्यय (capex) करने वाली कंपनियों में से एक होगी। ग्रुप के कुल पूंजीगत व्यय में APL की हिस्सेदारी लगभग 24% रहने की उम्मीद है। जेफरीज ने आगे कहा कि उसे उम्मीद है कि FY26–29E के दौरान APL का EPS CAGR 18% के मजबूत स्तर पर रहेगा। कंपनी की मजबूत बैलेंस शीट को देखते हुए, अगले तीन सालों में इसके कुल पूंजीगत व्यय का केवल 47% हिस्सा ही कर्ज (debt) के जरिए जुटाए जाने की उम्मीद है, जबकि बाकी हिस्सा कंपनी अपने आंतरिक कैश जनरेशन से पूरा करेगी।

अदाणी ग्रीन एनर्जी (AGEL) पर जेफरीज की राय

जेफरीज का कहना है कि AGEL ग्रुप की दूसरी सबसे तेजी से बढ़ने वाली कंपनी बन सकती है। यह FY26–29E के दौरान 28% का EPS CAGR दर्ज कर सकती है। FY27–29E के दौरान कंपनी द्वारा 1.2 लाख करोड़ रुपये का पूंजीगत व्यय (capex) किए जाने का अनुमान है, जो समूह के कुल पूंजीगत व्यय का लगभग एक चौथाई हिस्सा है। कुल पूंजीगत व्यय (capex) का लगभग 75% हिस्सा कर्ज के जरिए जुटाए जाने की उम्मीद है, जबकि पूरे ग्रुप के स्तर पर यह आंकड़ा करीब 48% है।

अदाणी एनर्जी सॉल्यूशंस (AESL) पर जेफरीज की राय

जेफरीज को उम्मीद है कि AESL, FY26-29E के दौरान 22% का EPS CAGR हासिल करेगी। ब्रोकरेज के अनुसार, इस अवधि में कंपनी का योगदान ग्रुप के कुल कैपेक्स (capex) में लगभग 15% और EBITDA में करीब 11% रहने का अनुमान है। साथ ही, कंपनी के कुल कैपेक्स का लगभग 72% हिस्सा कर्ज (debt) के ज़रिए जुटाए जाने की उम्मीद है।

अदाणी एंटरप्राइजेज (AEL) पर जेफरीज की राय

जेफरीज का कहना है कि AEL के ग्रुप की सबसे तेजी से बढ़ने वाली कंपनी बनने की उम्मीद है। FY26–29E के दौरान इसमें 59% का EPS CAGR देखने को मिल सकता है। साथ ही, APL और AGEL के बाद यह कैपिटल एक्सपेंडिचर (capex) करने वाली तीसरी सबसे बड़ी कंपनी होगी। जेफरीज ने आगे कहा कि “इस कैपिटल एक्सपेंडिचर का लगभग 48% हिस्सा कर्ज (debt) के जरिए जुटाए जाने की उम्मीद है।”

अदाणी पोर्ट्स एंड SEZ (APSEZ) पर जेफरीज की राय

जेफरीज का कहना है कि FY27-29E के दौरान ग्रुप के EBITDA में APSEZ का योगदान सबसे ज्यादा रहने की उम्मीद है। APSEZ ग्रुप की इकलौती ऐसी कंपनी है जो अगले तीन सालों में अपना कुल कर्ज लगभग 190 अरब रुपये कम कर सकती है। साथ ही अपने 100% कैपेक्स (पूंजीगत खर्च) की फंडिंग भी अपने आंतरिक कैश जनरेशन से कर सकती है।

अंबुजा सीमेंट्स पर जेफरीज़ का राय

ब्रोकरेज फर्म का कहना है कि अंबुजा के FY26–29E के दौरान 26% EPS CAGR (कंपाउंड एनुअल ग्रोथ रेट) हासिल करने की उम्मीद है। फर्म ने कहा कि कंपनी की बैलेंस शीट पर न के बराबर लॉन्ग-टर्म कर्ज है और वह अगले तीन सालों में अपने कैपेक्स (पूंजीगत व्यय) के लिए आंतरिक स्रोतों से मिलने वाली नकदी (internal cash generation) के जरिए फंड जुटाने की अच्छी स्थिति में है।

 

Q2 results impact : आयशर मोटर्स शुरुआती बढ़त गंवा कर लाल निशान में, जानिए स्टॉक पर ब्रोकरेज की राय

 

डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए विचार एक्सपर्ट के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। यूजर्स को मनी कंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।