Aastha Spintex Bonus Share: गुजरात की टेक्सटाइल कंपनी आस्था स्पिनटेक्स लिमिटेड ने 1:1 बोनस इश्यू की रिकॉर्ड डेट तय कर दी है। कंपनी ने सोमवार, 28 सितंबर 2026 को रिकॉर्ड डेट रखा है। इस दिन कंपनी के शेयर रखने वाले पात्र शेयरधारकों को बोनस शेयर मिलेंगे।
कंपनी के बोर्ड ने 22 सितंबर को हुई बैठक में इससे जुड़े फैसलों को अंतिम रूप दिया। बोनस इश्यू के तहत कुल 4,41,42,190 बोनस इक्विटी शेयर जारी किए जाएंगे। बोनस शेयरों की ट्रेडिंग 30 सितंबर 2026 से शुरू होगी।
हर एक शेयर पर मिलेगा एक बोनस शेयर
1:1 बोनस इश्यू का मतलब है कि रिकॉर्ड डेट पर आपके पास कंपनी का एक शेयर है तो आपको एक और बोनस शेयर मिलेगा। इसके लिए अलग से कोई पैसा नहीं देना होगा।
उदाहरण के लिए आपके पास 100 शेयर हैं। बोनस इश्यू के बाद आपके पास कुल 200 शेयर हो जाएंगे। बोनस शेयर भी मौजूदा शेयरों की तरह ही पूरी तरह पेड-अप होंगे और उन्हें समान अधिकार मिलेंगे।
₹44.14 करोड़ के रिजर्व का होगा इस्तेमाल
कंपनी ने बोनस शेयर जारी करने के लिए 31 मार्च 2026 तक उपलब्ध फ्री रिजर्व, सिक्योरिटीज प्रीमियम और कैपिटल रिडेम्पशन रिजर्व का इस्तेमाल करने को मंजूरी दी है। इसके लिए अधिकतम ₹44.14 करोड़ की राशि इस्तेमाल की जाएगी।
इसके अलावा कंपनी की अधिकृत शेयर पूंजी बढ़ाने को भी मंजूरी दी गई है। इसे ₹45 करोड़ से बढ़ाकर ₹100 करोड़ किया जाएगा। इससे बोनस इश्यू के साथ कंपनी के आगे के विस्तार के लिए भी पूंजी ढांचा मजबूत होगा।
टेक्सटाइल कारोबार में आगे बढ़ने की तैयारी
आस्था स्पिनटेक्स ने अपने ब्रांड के तहत ग्रे फैब्रिक और दूसरे वैल्यू-एडेड फैब्रिक प्रोडक्ट्स में विस्तार की योजना को भी मंजूरी दी है। कंपनी का लक्ष्य टेक्सटाइल वैल्यू चेन में स्पिनिंग से आगे बढ़कर ज्यादा वैल्यू वाले प्रोडक्ट्स पर फोकस करना है।
यह योजना फाल्कन यार्न्स प्राइवेट लिमिटेड के हालिया अधिग्रहण के बाद सामने आई है। इससे कंपनी की स्पिनिंग क्षमता 7,700 MT से बढ़कर 17,457 MT हो जाएगी। वहीं स्पिंडल क्षमता 25,920 से बढ़कर 61,824 हो जाएगी।
दो साल में रेवेन्यू और मुनाफा बढ़ा
कंपनी के वित्तीय प्रदर्शन में भी पिछले दो वित्त वर्षों में अच्छी बढ़ोतरी हुई है। आस्था स्पिनटेक्स का रेवेन्यू वित्त वर्ष 2022-23 में ₹240 करोड़ था। यह वित्त वर्ष 2024-25 में बढ़कर ₹352 करोड़ हो गया।
इसी अवधि में कंपनी का नेट प्रॉफिट ₹1.1 करोड़ से बढ़कर ₹23 करोड़ हो गया। कंपनी के मुताबिक रेवेन्यू का CAGR 21.2% और नेट प्रॉफिट का CAGR 356% रहा।
बोनस इश्यू के साथ कंपनी अब टेक्सटाइल कारोबार में आगे बढ़ने की तैयारी कर रही है। रिकॉर्ड डेट 28 सितंबर है, जबकि बोनस शेयरों में ट्रेडिंग 30 सितंबर से शुरू होगी।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।

