IND vs NZ: भारत और न्यूजीलैंड के बीच 5 टी20 और 5 वनडे सीरीज के बाद अब दो मैचों की टेस्ट सीरीज खेली जाएगी। इस दौरे पर भारतीय टीम टी20 और वनडे सीरीज अपने नाम कर चुकी है। वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) 2025-27 के फाइनल को देखते हुए दो मैचों की टेस्ट सीरीज दोनों टीमों के लिए काफी अहम है। टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला 19 नवंबर से बेसिन रिजर्व, वेलिंगटन में शुरू होगा। शुभमन गिल की कप्तानी वाली टीम इंडिया इस मुकाबले को जीतने की पूरी कोशिश करेगी। वहीं न्यूजीलैंड की टीम भी मुकाबले को जीतकर सीरीज की शानदार शुरुआत करना चाहेगी। आइए जानते हैं कब और कहां पर खेला जाएगा ये मुकाबला
न्यूजीलैंड में भारत का रिकॉर्ड कुछ खास नहीं
न्यूजीलैंड को अपने घर में खेलने का फायदा मिलेगा, इसलिए उसे इस सीरीज का मजबूत दावेदार माना जा रहा है। वहीं, भारतीय टीम भी जीत के इरादे से मैदान पर उतरेगी। शुभमन गिल की कप्तानी में भारत की कोशिश टेस्ट सीरीज अपने नाम करने की होगी। न्यूजीलैंड में भारत का टेस्ट रिकॉर्ड कुछ खास नहीं रहा है और टीम ने वहां बहुत कम सीरीज जीती हैं। ऐसे में इस बार जीत दर्ज करना भारत के लिए बड़ी कामयाबी होगी। इससे WTC फाइनल में पहुंचने की राह भी आसान हो सकती है।
भारत कब किया था न्यूजीलैंड का दौरा
भारत ने आखिरी बार 2020 में टेस्ट सीरीज खेलने के लिए न्यूजीलैंड का दौरा किया था। उस समय विराट कोहली टीम की कमान संभाल रहे थे, लेकिन भारतीय टीम को दोनों टेस्ट मैचों में हार का सामना करना पड़ा था। इसके बाद से भारत न्यूजीलैंड की धरती पर कोई टेस्ट मैच नहीं जीत पाया। टीम इंडिया ने वहां आखिरी टेस्ट जीत मार्च 2009 में महेंद्र सिंह धोनी कप्तान में जीत दर्ज की थी। ऐसे में इस बार भारतीय टीम के पास न्यूजीलैंड में पुराने रिकॉर्ड को बदलने और जीत के साथ नया इतिहास बनाने का मौका होगा।
न्यूजीलैंड ने भारत को घर में दी थी मात
भारत और न्यूजीलैंड के बीच पिछली टेस्ट सीरीज अक्टूबर-नवंबर 2024 में खेली गई थी। इस सीरीज में कीवी टीम ने भारतीय सरजमीं पर शानदार प्रदर्शन करते हुए तीनों मुकाबले जीतकर 3-0 से सीरीज अपने नाम कर ली थी। घरेलू मैदान पर मिली इस करारी हार को भारतीय टीम अब तक नहीं भूली होगी। ऐसे में आगामी सीरीज में टीम इंडिया की कोशिश न्यूजीलैंड को हराकर पिछली हार का हिसाब चुकता करने की होगी।
WTC फाइनल के लिए सीरीज अहम
ये सीरीज वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) 2025-27 के फाइनल में पहुंचने में बड़ी भूमिका निभा सकते हैं। फिलहाल भारतीय टीम 51.520 प्रतिशत अंकों के साथ अंक तालिका में चौथे स्थान पर है, जबकि न्यूजीलैंड 72.220 प्रतिशत अंकों के साथ शीर्ष पर काबिज है। ऐसे में फाइनल की दौड़ में अपनी स्थिति मजबूत करने के लिए भारत को दोनों टेस्ट मैचों में जीत दर्ज करनी होगी।
कब खेला जाएगा मुकाबला
भारत और न्यूजीलैंड के बीच टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला 19 नवंबर से शुरू होगा, जो 23 नवंबर तक चलेगा। वहीं, सीरीज का दूसरा और आखिरी टेस्ट मैच 27 नवंबर से 1 दिसंबर तक खेला जाएगा। भारत और न्यूजीलैंड के बीच होने वाले दोनों टेस्ट मैच भारतीय समय के अनुसार सुबह 3:30 बजे शुरू होंगे और सुबह 11 बजे तक चलेंगे। वहीं, मुकाबले के पहले दिन टॉस सुबह 3 बजे होगा। सीरीज का पहला टेस्ट वेलिंगटन के बेसिन रिजर्व मैदान पर आयोजित होगा, जबकि दूसरा और आखिरी मुकाबला क्राइस्टचर्च के हेगले ओवल में खेला जाएगा।
भारत की पूरी टीम: शुभमन गिल (C), यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल (VC), देवदत्त पडिक्कल, ऋषभ पंत (WK), ध्रुव जुरेल (WK), रवींद्र जडेजा, अंशुल कंबोज, जसप्रीत बुमराह, प्रसिद्ध कृष्णा, आकाश दीप, साई सुदर्शन, नीतीश कुमार रेड्डी, वाशिंगटन सुंदर, मोहम्मद सिराज, गुरनूर बरार
न्यूजीलैंड की पूरी टीम: टॉम लैथम (C), टॉम ब्लंडेल (विकेट कीपर), डेवोन कॉनवे, जैकब डफी, मैट हेनरी, काइल जैमीसन, डेरिल मिशेल, हेनरी निकोल्स, ग्लेन फिलिप्स, रचिन रविंद्र, मिशेल सेंटनर, नाथन स्मिथ, ब्लेयर टिकनर, विल यंग

