
भोपाल। कांग्रेस ने 26 नवंबर को संविधान दिवस के मौके पर दिल्ली में प्रस्तावित बड़े विरोध प्रदर्शन की रणनीति में बदलाव किया है। अब पार्टी दिल्ली में बड़े स्तर पर शक्ति प्रदर्शन करने के बजाय देशभर की राज्यों की राजधानियों में संविधान रक्षा मार्च आयोजित करेगी। इसी कड़ी में मध्य प्रदेश कांग्रेस ने भी अपनी रणनीति बदलते हुए 26 नवंबर को भोपाल में बड़ा विरोध प्रदर्शन करने की तैयारी शुरू कर दी है। इस प्रदर्शन को लेकर प्रदेश कांग्रेस ने संगठन स्तर पर तैयारियां तेज कर दी हैं।
दरअसल कांग्रेस ने पहले 25 और 26 नवंबर को दिल्ली में दिल्ली चलो कार्यक्रम के तहत बड़ा प्रदर्शन करने की योजना बनाई थी। इसके जरिए पार्टी चुनाव आयोग और मुख्य निर्वाचन आयुक्त के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराने वाली थी। हालांकि अब पार्टी ने इस कार्यक्रम को फिलहाल स्थगित कर दिया है। कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल की ओर से प्रदेश कांग्रेस कमेटियों को जारी निर्देशों के मुताबिक 26 नवंबर को सभी राज्यों की राजधानियों में संविधान रक्षा मार्च निकाला जाएगा। दिल्ली में भी कार्यक्रम होगा, लेकिन पहले प्रस्तावित बड़े प्रदर्शन के मुकाबले इसका स्वरूप छोटा रहेगा।
भोपाल में जुटेगी प्रदेशभर की कांग्रेस-दिल्ली में प्रस्तावित बड़े प्रदर्शन का कार्यक्रम बदलने के बाद मध्य प्रदेश कांग्रेस ने भी अपनी तैयारियों की दिशा बदल दी है। अब 26 नवंबर को भोपाल में संविधान बचाओ रैली और विरोध प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में प्रदेशभर से कांग्रेस नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को शामिल करने की योजना है।
पार्टी का मुख्य फोकस चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली, मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों और एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) प्रक्रिया को लेकर विरोध दर्ज कराने पर रहेगा। कांग्रेस लगातार आरोप लगाती रही है कि मतदाता सूची में गड़बड़ियों और मतदाताओं के नाम हटाए जाने से मतदान के अधिकार प्रभावित हो सकते हैं। पार्टी इन मुद्दों को लेकर चुनाव आयोग से जवाबदेही की मांग कर रही है।
भोपाल में होने वाले इस प्रदर्शन को लेकर मध्य प्रदेश कांग्रेस ने संगठनात्मक स्तर पर बड़ा लक्ष्य तय किया है। पीसीसी चीफ जीतू पटवारी इन दिनों पार्टी के संभाग की बैठक कर रहे है। पीसीसी चीफ जीतू पटवारी ने कहा कि 26 तारीख को भोपाल में मार्च की तैयारियां कर रहे हैं। हमारा कहना है कि 26 तारीख को ज्यादा से ज्यादा तादाद में आना है और आम जनता से जुड़ना है। मैं मानता हूं कि आज मध्य प्रदेश की जड़ों में भ्रष्टाचार जा चुका है। मैं मानता हूं कि इसका एक ही इलाज है कि भाजपा को पंचायत से लेकर संसद तक हटाया जाए। हमें गांधीवादी तरीके से अपनी भावना को जन-जन तक लेकर जानी है। पार्टी प्रदेश की प्रत्येक विधानसभा से करीब एक हजार कार्यकर्ताओं को भोपाल लाने का लक्ष्य दिया गया है। इसके लिए जिला कांग्रेस अध्यक्षों, ब्लॉक अध्यक्षों और विधानसभा स्तर के पदाधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी जा रही है।
26 नवंबर को होने वाले इस प्रदर्शन में संविधान की रक्षा, लोकतांत्रिक अधिकारों और निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया का मुद्दा प्रमुखता से उठाया जाएगा। कांग्रेस का आरोप है कि मतदाता सूची से जुड़े मामलों और एसआईआर प्रक्रिया में पारदर्शिता को लेकर गंभीर सवाल हैं। पार्टी इन मुद्दों पर चुनाव आयोग के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराएगी।


