भारत समिट में लगे नारे पर इटली में छिड़ी बहस, मेलोनी के गठबंधन की नेता ने किया भारत सरकार का बचाव

भारत समिट में लगे नारे पर इटली में छिड़ी बहस, मेलोनी के गठबंधन की नेता ने किया भारत सरकार का बचाव

Meloni

Vote Chori Controversy in India: हैदराबाद में आयोजित ‘भारत समिट’ के दौरान इटली के नेता जियाकोमो फिलिबेक द्वारा भारतीय चुनावी प्रक्रिया पर की गई टिप्पणी और विपक्ष के नारे को दोहराने के बाद यह विवाद अब इटली की राजनीति तक पहुंच गया है। इस मामले पर इटली में जॉर्जिया मेलोनी के नेतृत्व वाले सत्तारूढ़ गठबंधन में शामिल ‘फोर्जा इटालिया’ की नेता डेबोरा बर्गामिनी ने भारत के लोकतांत्रिक संस्थानों और स्वतंत्र न्यायपालिका का बचाव करते हुए कहा कि करोड़ों मतदाताओं वाले देश को यूरोप की ओर से लोकतंत्र का पाठ पढ़ाना गलत है।

बर्गामिनी ने किया भारतीय लोकतंत्र का समर्थन

इटली के सत्तारूढ़ गठबंधन की नेता बर्गामिनी ने इस विवाद पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि लोकतंत्र में हर किसी को अपनी बात रखने और आरोप लगाने का अधिकार है, लेकिन आरोप लगाने वालों की यह जिम्मेदारी भी होती है कि वे अपने दावों को साबित करें। 

 

भारतीय लोकतंत्र की विशालता का उल्लेख करते हुए बर्गामिनी ने कहा कि जिस देश में 97 करोड़ लोगों को वोट देने का अधिकार है, उसे लोकतंत्र का पाठ पढ़ाना गलत है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि भारत के पास अपने मजबूत लोकतांत्रिक संस्थान और एक स्वतंत्र न्यायपालिका है, इसलिए यूरोप की ओर से भारत को लोकतंत्र पर नसीहत देना उचित नहीं है। 

कैसे शुरू हुआ पूरा विवाद?

दरअसल, यह पूरा विवाद तब शुरू हुआ जब ‘पार्टी ऑफ यूरोपियन सोशलिस्ट्स’ (PES) के महासचिव जियाकोमो फिलिबेक ने हैदराबाद में आयोजित भारत समिट में हिस्सा लिया। सभा को संबोधित करते हुए फिलिबेक ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के उस अभियान की प्रशंसा की, जिसमें वोटर लिस्ट में कथित गड़बड़ियों का मुद्दा उठाया गया है।

 

फिलिबेक ने अपने संबोधन में कहा था कि राहुल गांधी ने एक ऐसे आसान सिद्धांत का बचाव किया है, जिस पर हर लोकतंत्र टिका है और यह सिद्धांत है— ‘एक व्यक्ति, एक वोट’। उन्होंने रामलीला मैदान में हुए मार्च का जिक्र करते हुए कहा था कि लोकतंत्र की रक्षा वही लोग करते हैं जो इसके लिए आवाज उठाने और लड़ने को तैयार रहते हैं। अपने भाषण के अंत में फिलिबेक ने विपक्ष का नारा ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ भी दोहराया था।

कौन हैं जियाकोमो फिलिबेक?

जियाकोमो फिलिबेक एक इतालवी राजनेता हैं, जो वर्ष 2023 से पार्टी ऑफ यूरोपियन सोशलिस्ट्स के महासचिव के रूप में कार्यरत हैं। PES यूरोप के समाजवादी और सोशल डेमोक्रेटिक राजनीतिक दलों का एक प्रमुख गठबंधन है। उनका जन्म 1978 में रोम (इटली) में हुआ था। उन्होंने राजनीति विज्ञान में स्नातक और INSEAD से एग्जीक्यूटिव मास्टर की डिग्री हासिल की है। वे इटली की सेंटर-लेफ्ट पार्टी ‘पार्टिटो डेमोक्रेटिको’ से जुड़े रहे हैं, जो वर्तमान में इटली की जॉर्जिया मेलोनी सरकार की मुख्य विपक्षी पार्टी है। उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत 1997 में यूरोपीय छात्र और युवा आंदोलनों से की थी। वे ‘यूरोपियन यूथ फोरम’ (2002–2004) और ‘यंग यूरोपियन सोशलिस्ट्स’ (2005–2009) के अध्यक्ष भी रह चुके हैं।