‘एंटी भारत समिट’ बन गया था हैदराबाद का कार्यक्रम! जियाकोमो के विवादित बयान पर राहुल गांधी के हंसने पर भड़की भाजपा

‘एंटी भारत समिट’ बन गया था हैदराबाद का कार्यक्रम! जियाकोमो के विवादित बयान पर राहुल गांधी के हंसने पर भड़की भाजपा

gaurav bhatia attacks rahul gandhi

हैदराबाद में 14 नवंबर 2026 को आयोजित ‘भारत समिट’ एक बड़े राजनीतिक विवाद के केंद्र में आ गया है। भाजपा ने इस सम्मेलन को लेकर कांग्रेस सांसद और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला है। भाजपा सांसद गौरव भाटिया ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान राहुल गांधी पर भारत विरोधी ताकतों को मंच देने और देश की संप्रभुता का उपहास उड़ाने का गंभीर आरोप लगाया है।

 

‘भारत समिट’ था या ‘एंटी भारत समिट’?

गौरव भाटिया ने तंज कसते हुए कहा कि जिस तरह भाजपा शासित राज्यों में ‘इन्वेस्टमेंट समिट’ होते हैं, वहीं कांग्रेस शासित राज्यों में ऐसे मंचों का इस्तेमाल देश के हित को पीछे छोड़कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति नफरत और अराजकता फैलाने के लिए किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हैदराबाद के इस कार्यक्रम को अगर ‘एंटी भारत समिट’ कहा जाए, तो यह ज्यादा उपयुक्त होगा।

 

विदेशी नेता के बयान पर राहुल की हंसी पर ऐतराज

विवाद की मुख्य वजह यूरोपीय सोशलिस्ट पार्टी के महासचिव और इटली के नेता जियाकोमो फिलिबेक का वह बयान बना, जो उन्होंने मंच से दिया था। जियाकोमो फिलिबेक ने मंच से ‘वोट चोर-गद्दी छोड़’ जैसी टिप्पणी की, जिससे भारतीय लोकतांत्रिक व्यवस्था और जनादेश का उपहास उड़ाया गया।

 

भाजपा सांसद ने आरोप लगाया कि इस दौरान नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने न सिर्फ विदेशी मेहमान को ऐसा कहने से नहीं रोका, बल्कि उनके चेहरे पर खुशी थी और वे ताली बजाकर हंस रहे थे। भाटिया ने इसे भारत की संप्रभुता से जुड़ा गंभीर विषय बताते हुए देशवासियों के लिए शर्मनाक करार दिया।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के बयानों का हवाला देते हुए गौरव भाटिया ने कहा कि चुनावी असफलताओं और लगातार हार की खीज के कारण राहुल गांधी पीएम मोदी के प्रति नफरत की आंधी में बहते जा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी का एकमात्र मकसद किसी भी मंच से विदेशियों को बुलाकर भारत के खिलाफ बयानबाजी करवाना और देश को बदनाम करना रह गया है।