
अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद ICC ने 2035 तक पुरुषों के प्रमुख टूर्नामेंटों का विस्तृत कार्यक्रम जारी किया है। इसमें पुष्टि की गई है कि भारत 2029 चैंपियंस ट्रॉफी की मेजबानी करेगा और 2031 वनडे विश्व कप की सह-मेजबानी करेगा। इससे वैश्विक क्रिकेट के भविष्य को लेकर एक स्पष्ट तस्वीर सामने आई है।
भारत 9 से 28 अक्टूबर तक 2029 चैंपियंस ट्रॉफी की मेजबानी करेगा। भारत, बांग्लादेश के साथ मिलकर 9 अक्टूबर से 23 नवंबर तक 2031 वनडे विश्व कप की सह-मेजबानी करेगा।आईसीसी बोर्ड ने रविवार को 2035 तक पुरुषों के प्रमुख टूर्नामेंटों के लिए समय-सारणी (विंडोज़) को मंजूरी दे दी। विश्व टेस्ट चैंपियनशिप का फाइनल 2035 तक हर दो साल में जून के महीने में आयोजित होगा, जिसमें 2029 और 2031 में इंग्लैंड मेजबानी करेगा। यह कार्यक्रम 2028 टी20 विश्व कप से लेकर 2035 वनडे विश्व कप तक का है, हालांकि कई टूर्नामेंटों के मेजबान अभी तय होने बाकी हैं।
भारत 2006 के बाद पहली बार चैंपियंस ट्रॉफी की मेजबानी करेगा। इसके साथ ही, आईसीसी ने यह भी पुष्टि की है कि 2031 में वनडे विश्व कप की वापसी भारत में होगी। भारत ने 2023 का वनडे वर्ल्ड कप अक्टूबर-नवंबर के इसी समय में आयोजित किया था, और 2027 का टूर्नामेंट भी दक्षिण अफ्रीका में इन्हीं महीनों में होगा। 2031 का वनडे वर्ल्ड कप भारत और बांग्लादेश मिलकर आयोजित करेंगे।

2035 तक ICC Men tournament का schedule:
2028: टी20 वर्ल्ड कप – ऑस्ट्रेलिया और न्यूज़ीलैंड (12 अक्टूबर – 12 नवंबर)
2029: वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल – इंग्लैंड (8-12 जून)
2029: चैंपियंस ट्रॉफी – भारत (9-28 अक्टूबर)
2030: टी20 वर्ल्ड कप – इंग्लैंड, आयरलैंड और स्कॉटलैंड (4 जुलाई – 4 अगस्त)
2031: वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल – इंग्लैंड (12-16 जून)
2031: क्रिकेट वर्ल्ड कप – भारत और बांग्लादेश (9 अक्टूबर – 23 नवंबर)
2032: टी20 वर्ल्ड कप – मेजबान तय होने बाकी हैं (14 अक्टूबर – 14 नवंबर)
2033: वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल – मेजबान तय होने बाकी हैं (9-13 जून)
2033: चैंपियंस ट्रॉफी – मेजबान तय होने बाकी हैं (2-23 अक्टूबर)
2034: टी20 वर्ल्ड कप – मेजबान तय होने बाकी हैं (6 जुलाई – 6 अगस्त)
2035: वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल – मेजबान तय होने बाकी हैं (7-11 जून)
2035: क्रिकेट वर्ल्ड कप – मेजबान तय होने बाकी हैं (2 अक्टूबर – 18 नवंबर)

