
Top News 16 November: उगते सूर्य को अर्घ्य के साथ छठ महापर्व का समापन। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज से तीन दिवसीय फिलीपींस दौरे पर है। दक्षिण में चक्रवात से बारिश की आशंका। मौत की सजा के खिलाफ यूएन में प्रस्ताव पास। 16 नवंबर की बड़ी खबरें :
उगते सूर्य को अर्घ्य के साथ छठ महापर्व का समापन
उदयाचलगामी भगवान भास्कर को अर्घ्य के साथ नमन करने के साथ ही चार दिवसीय छठ महापर्व का समापन हो गया। आज श्रद्धालुओं ने उगते हुए सूर्य को अर्घ्य देने के बाद अपना व्रत और अनुष्ठान पूरा किया।
प्रधानमंत्री मोदी का तीन दिवसीय फिलीपींस दौरा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 16 से 18 नवंबर तक फिलीपींस की राजधानी मनीला के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह 23वें आसियान-भारत शिखर सम्मेलन और 21वें ईस्ट एशिया समिट में हिस्सा लेंगे। इन बैठकों में भारत का जोर समुद्री सुरक्षा, रक्षा सहयोग और व्यापारिक रिश्तों को मजबूत करने पर रहेगा।
स्पैम कॉल पर TRAI का बड़ा एक्शन
ट्राई ने अनचाही व्यावसायिक कॉल और मैसेज यानी अनसॉलिसिटेड कमर्शियल कम्युनिकेशन पर रोक लगाने के लिए टेलीकॉम कंपनियों को तकनीकी निगरानी, शिकायतों पर कार्रवाई और स्पैम करने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। ALSO READ: स्पैम कॉल पर TRAI का बड़ा एक्शन, अब अनचाही कॉल करने वालों की खैर नहीं, लागू किए नए नियम
दक्षिण में चक्रवात से बारिश की आशंका
बंगाल की खाड़ी में बना दबाव का क्षेत्र 17 नवंबर तक भीषण चक्रवाती तूफान में बदल सकता है। मौसम विभाग ने बताया कि इसके प्रभाव से तमिलनाडु के उत्तरी तटीय जिलों, पुडुचेरी और कराईकल क्षेत्र में बारिश की संभावना है।
मौत की सजा के खिलाफ यूएन में प्रस्ताव पास
संयुक्त राष्ट्र महासभा में वैश्विक स्तर पर मृत्युदंड पर रोक लगाने और अंततः इसे समाप्त करने से जुड़ा एक अहम प्रस्ताव भारी बहुमत से पारित हो गया है। 193 सदस्यीय महासभा में मेक्सिको द्वारा पेश किए गए इस मसौदे के पक्ष में 133 देशों ने मतदान किया, जबकि भारत समेत 33 देशों ने इसके विरोध में वोट डाला।


