भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल मुकाबले में पाकिस्तान को हराकर एशिया कप का खिताब अपने नाम कर लिया। मैच के दौरान दोनों टीमों के खिलाड़ियों के बीच कई बार तनाव देखने को मिला। वहीं रोमांचक मुकाबले में जीत के बाद भारतीय खिलाड़ियों ने मैदान पर आक्रामक अंदाज में जश्न मनाया। भारतीय टीम के जश्न मनाने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस दौरान भारतीय टीम का एक खिलाड़ी पाकिस्तानी विकेटकीपर के सामने सीना ठोककर अपनी जीत की खुशी और आत्मविश्वास दिखाता नजर आया।
मैदान पर दिखा एग्रेशन
जीत के बाद भारतीय युवा खिलाड़ी खुशी मनाते हुए मैदान पर पहुंच गए और चक्कर लगाकर जश्न मनाया। इस दौरान दोनों टीमों के खिलाड़ियों के बीच हाथ मिलाने की परंपरा भी देखने को नहीं मिली। इस दौरान मैदान पर पाकिस्तानी खिलाड़ी भी मौजूद थे। इस दौरान कुछ भारतीय खिलाड़ियों ने पाकिस्तानी खिलाड़ियों की ओर गुस्से में इशारे किए और उनके पीछे जाते नजर आए। लेकिन, टीम के कोच ने बीच में आकर खिलाड़ियों को ऐसा करने से रोक दिया। भारत और पाकिस्तान के बीच खेला गया यह मुकाबला काफी तनाव और भावनाओं से भरा रहा। मैच के दौरान दोनों टीमों के खिलाड़ियों के बीच कई बार बहस और तीखी नजरें देखने को मिलीं।
कैसा था भारत का मुकाबला
अंडर-19 एशिया कप के खिताबी मुकाबले में भारत और पाकिस्तान के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली। आखिरी ओवर तक चलने वाले इस रोमांचक मुकाबले में भारत ने पाकिस्ताान को 1 विकेट से मात दी है। अंडर-19 एशिया कप का फाइनल मुकाबला अल अमीरात क्रिकेट ग्राउंड में खेला गया। पाकिस्तान ने पहले बैटिंग करते हुए 50 ओवर में 9 विकेट खोकर 337 रन बनाए। टारगेट का पीछा करने आई भारत ने 50 ओवर में 9 विकेट खोकर 339 रन का टारगेट हासिल कर लिया। भारत ने पाकिस्तान को 1 विकेट से हराया।
INDIA, AGAINST ALL ODDS
From the brink of defeat to the top of Asia! Mohit Ulva delivers a knock to remember, sealing a sensational win for India in the U19 Asia Cup final against Pakistan
#SonySportsNetwork #SonyLIV #PAKvIND https://t.co/tcdZduKIs4
— Sony Sports Network (@SonySportsNetwk) November 14, 2026
इन बल्लेबाजों का शानदार प्रदर्शन
पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 9 विकेट के नुकसान पर 337 रन बनाए। टीम की ओर से उस्मान खान ने 107 रन की शतकीय पारी खेली, जबकि अब्दुल कादिर ने 80 और कप्तान फरहान यूसुफ ने 60 रन बनाए। भारत की ओर से काव्या पटेल ने सबसे ज्यादा चार विकेट लिए। टारगेट का पीछा करते हुए भारत के लिए राजेश रायचंदानी ने 80 और चोटिल होने के बावजूद आर्यवीर सहवाग ने 58 रन बनाए।
मोहित उल्वा की शानदार पारी
जब भारतीय टीम मुश्किल में नजर आ रही थी, तब मनाल चौहान ने 32 गेंदों पर 47 रन बनाकर मैच में वापसी की उम्मीद जगाई। उनकी पारी में तीन चौके और तीन छक्के शामिल थे। वहीं, 309 रन पर नौवां विकेट गिरने के बाद भारत को जीत के लिए 29 रन की जरूरत थी। ऐसे समय में मोहित उल्वा ने धैर्य बनाए रखा और टीम को जीत तक पहुंचाया। वहीं, धीमी ओवर गति के कारण पाकिस्तान को आखिरी ओवरों में एक अतिरिक्त फील्डर 30 गज के दायरे में रखना पड़ा, जिसका फायदा भारत को मिला।

