अखिलेश यादव ने राजा भैया को लेकर दिया बड़ा बयान, जानें दोनों के रिश्तों में कैसे आई थी दरार

अखिलेश यादव ने राजा भैया को लेकर दिया बड़ा बयान, जानें दोनों के रिश्तों में कैसे आई थी दरार

Akhilesh Yadav on Raja Bhaiya

Akhilesh Yadav on Raja Bhaiya: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश की कानून-व्यवस्था और बाहुबलियों के मुद्दे पर राज्य सरकार को घेरा है। इस दौरान उन्होंने इलाहाबाद हाईकोर्ट द्वारा 19 चर्चित लोगों की आपराधिक रिपोर्ट और शस्त्र लाइसेंस का ब्योरा मांगे जाने का जिक्र करते हुए कुंडा विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया पर तीखा हमला बोला। उन्होंने राजा भैया को यूपी का सबसे बड़ा माफिया बताया। हालांकि एक वक्त ऐसा भी था जब अखिलेश और राजा भैया के रिश्ते काफी करीबी थे। 

 

सपा प्रमुख यादव ने दिल्ली में एचटी लीडरशिप समिट के दौरान उत्तर प्रदेश में माफिया और बाहुबलियों के मुद्दे पर बड़ा बयान दिया है। एक सवाल का जवाब देते हुए अखिलेश यादव ने इलाहाबाद हाईकोर्ट के एक हालिया आदेश का हवाला दिया और जनसत्ता दल (लोकतांत्रिक) के प्रमुख रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया को लेकर गंभीर टिप्पणी की। ALSO READ: चमत्कार! अखिलेश पत्नी डिंपल संग करेंगे रामलला के दर्शन, हनुमानगढ़ी भी जाएंगे

हाईकोर्ट की लिस्ट का किया जिक्र

अखिलेश यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश के टॉप माफिया के नाम कोई नहीं पढ़ता है, जबकि कोर्ट ने इन बाहुबलियों की आपराधिक रिपोर्ट तलब की है। मीडिया रिपोर्ट्स और उनके बयान के अनुसार, अखिलेश यादव ने रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया का नाम लेते हुए उन्हें सबसे बड़ा माफिया बताया। इसके साथ ही उन्होंने धनंजय सिंह, सुशील सिंह, विनीत सिंह, अजय मरदह, सुजीत सिंह बेलवा, उपेंद्र सिंह गुड्डू और पप्पू भौकाली के नामों का भी उल्लेख किया। सपा अध्यक्ष ने दावा किया कि हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट ने 81 बार सरकार से प्रदेश के हालातों को लेकर सवाल पूछे हैं।

अपराध के आंकड़ों पर उठाए सवाल

यादव ने इस उत्तर प्रदेश पुलिस की कार्यशैली और राज्य में अपराध की स्थिति पर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने एनसीआरबी (NCRB) के आंकड़ों का हवाला देते हुए आरोप लगाया कि वर्ष 2018 के बाद से उत्तर प्रदेश दलितों पर होने वाले अपराधों के मामले में नंबर एक पर है। इसके अलावा उन्होंने दावा किया कि महिलाओं के खिलाफ होने वाले अपराधों के मामले में भी राज्य सबसे आगे है। ALSO READ: रामजी के 5 बाप! धीरेन्द्र शास्त्री की टिप्पणी से फिर बवाल, अखिलेश ने भी साधा निशाना

क्या है इलाहाबाद हाईकोर्ट का मामला?

दरअसल, हाल ही में इलाहाबाद हाईकोर्ट ने उत्तर प्रदेश में आपराधिक पृष्ठभूमि वाले दबंगों को शस्त्र लाइसेंस जारी किए जाने के मामले में राज्य सरकार से जवाब मांगा है। कोर्ट ने एक याचिका पर सुनवाई करते हुए रघुराज प्रताप सिंह, धनंजय सिंह, बृजभूषण शरण सिंह, सुशील सिंह और विनीत सिंह समेत 19 चर्चित लोगों का ब्योरा तलब किया है। याचिका में आरोप लगाया गया है कि प्रदेश में नियमों की अनदेखी कर हथियारों के लाइसेंस जारी और नवीनीकृत किए जा रहे हैं, जिससे खुलेआम हथियारों के प्रदर्शन और ‘गन कल्चर’ को बढ़ावा मिल रहा है। कोर्ट ने इन सभी लोगों के आपराधिक मुकदमों, लाइसेंस जारी करने के आधार और उन्हें मिली सरकारी सुरक्षा की विस्तृत जानकारी मांगी है।

राजा भैया और अखिलेश के रिश्तों में कैसे आई दरार?

एक समय था जब रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया समाजवादी पार्टी की सरकारों (मुलायम सिंह यादव और अखिलेश यादव दोनों के कार्यकाल) में कैबिनेट मंत्री हुआ करते थे। हालांकि, 2017 के बाद दोनों नेताओं के बीच सियासी दूरियां बढ़ती गईं और रिश्ते बेहद तल्ख हो गए। 

 

दोनों के रिश्तों में सबसे बड़ी दरार मार्च 2018 के राज्यसभा चुनाव के दौरान आई। इस चुनाव में सपा और बसपा ने मिलकर उम्मीदवार उतारा था। राजा भैया ने चुनाव से पहले अखिलेश यादव से मुलाकात कर सपा के समर्थन की बात कही थी, लेकिन मतदान के समय क्रॉस वोटिंग हुई और बसपा उम्मीदवार की हार हो गई। उस समय राजा भैया की मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ नजदीकियों की चर्चाएं तेज हुईं, जिससे अखिलेश यादव बेहद नाराज हुए।

सार्वजनिक मंच से तल्ख बयान

राज्यसभा चुनाव के घटनाक्रम के बाद अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर राजा भैया से अपनी नाराजगी जाहिर की थी। इसके बाद 2022 के विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान जब अखिलेश यादव कुंडा पहुंचे, तो उन्होंने राजा भैया का नाम लिए बिना ‘कुंडा में कुंडी लगाने’ जैसा बयान दिया, जिस पर राजा भैया ने भी पलटवार किया था। राजा भैया ने साल 2018 में ही अपनी अलग राजनीतिक पार्टी जनसत्ता दल (लोकतांत्रिक) का गठन कर लिया था। 2024 के लोकसभा चुनावों में कौशांबी और प्रतापगढ़ सीटों पर भी राजा भैया का रुख समाजवादी पार्टी के खिलाफ माना गया, जिसके बाद दोनों नेताओं के बीच की राजनीतिक खाई और गहरी हो गई।