Gratuity Calculator: 1 लाख रुपये बेसिक सैलरी पर 10 साल की नौकरी के बाद कितनी मिलेगी ग्रैच्युटी?

ग्रेच्युटी एक ऐसी बेनेफिट है, जो एंप्लॉयी को निश्चित अवधि तक नौकरी करने के बाद मिलती है। इसकी रकम कर्मचारी की आखिरी सैलरी और नौकरी में पूरे किए गए सालों पर निर्भर करती है। इसके कैलकुलेशन का एक फॉर्मूला है। यह एक तरह से ग्रेच्युटी नियोक्ता यानी कंपनी की ओर से कर्मचारी को उसकी सेवा के बदले दिया जाने वाला लाभ है।

सोशल सिक्योरिटी कोड, 2020 के तहत कर्मचारी के रिटायर होने, इस्तीफा देने या सुपरएनुएशन की स्थिति में ग्रेच्युटी का भुगतान किया जाता है। कर्मचारी की मृत्यु या दिव्यांगता की स्थिति में भी लागू प्रावधानों के अनुसार ग्रेच्युटी मिलती है। नियमित कर्मचारियों के लिए सामान्य तौर पर एक ही संस्थान में लगातार 5 साल की सेवा पूरी करना जरूरी है। हालांकि, मृत्यु या दिव्यांगता की स्थिति में 5 साल की सेवा की शर्त लागू नहीं होती।

फिक्स्ड टर्म एम्प्लॉयी यानी निश्चित अवधि के कॉन्ट्रैक्ट पर काम करने वाले कर्मचारियों के लिए अलग प्रावधान हैं। उन्हें 5 साल की सामान्य शर्त पूरी किए बिना भी आनुपातिक आधार पर ग्रेच्युटी मिल सकती है। 21 नवंबर, 2025 से सोशल सिक्योरिटी कोड, 2020 अन्य तीन लेबर कोड के साथ लागू हुआ। इसके सेक्शन 53 में फिक्स्ड टर्म एम्प्लॉयमेंट कॉन्ट्रैक्ट की अवधि समाप्त होने को भी ग्रेच्युटी पात्रता से जुड़ी स्थिति के रूप में स्पष्ट रूप से शामिल किया गया है।

कैसे होती है ग्रेच्युटी की गणना?

ग्रेच्युटी की गणना के लिए कर्मचारी की आखिरी सैलरी और नौकरी में पूरे किए गए सालों को आधार बनाया जाता है।

ग्रेच्युटी कैलकुलेशन का फॉर्मूला:

ग्रेच्युटी = (आखिरी सैलरी × 15 × नौकरी के साल) ÷ 26

– आखिरी सैलरी = बेसिक सैलरी + DA

– 15 = हर साल की सेवा के लिए 15 दिन की सैलरी

– 26 = महीने में 26 कार्य दिवस

यह भी पढ़ें: 8th Pay Commission: रिटायर हो चुके एंप्लॉयीज को कितना मिलेगा बढ़ी हुई पेंशन और एरियर का फायदा? जानिए क्या हैं नियम

₹1 लाख सैलरी पर 10 साल में कितनी मिलेगी ग्रेच्युटी?

इसे एक उदाहरण से समझते हैं। मान लीजिए किसी कर्मचारी की आखिरी बेसिक सैलरी और DA मिलाकर 1 लाख रुपये महीना है। उसने एक ही संस्थान में 10 साल की पात्र सेवा पूरी की है। उपर्युक्त फॉर्मूले पर अनुमानित ग्रेच्युटी ₹5,76,923 यानी करीब ₹5.77 लाख होगी। इसी तरह अगर किसी एंप्लॉयी की बेसिक सैलरी (प्लस डीए) 50,000 रुपये है तो उसकी अनुमानित ग्रेच्युटी 10 साल की नौकरी के बाद 2,88,461.54 रुपये होगी।