सोशल मीडिया पर चालान को लेकर किया गया एक पोस्ट काफी वायरल हो रहा है। यमुना एक्सप्रेसवे पर एक व्यक्ति को 101 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से कार चलाने पर 2,000 रुपये का चालान मिला। एक्सप्रेसवे पर गाड़ी चलाने की तय सीमा 100 किलोमीटर प्रति घंटा थी। सिर्फ 1 किलोमीटर ज्यादा रफ्तार होने पर चालान कटने से व्यक्ति ने सवाल उठाए। वहीं, चालान में सबसे हैरान करने वाली बात गाड़ी की लोकेशन थी। कैमरे में उसकी जगह 0°N और 0°E दर्ज की गई, जो अटलांटिक महासागर के बीच का एक स्थान है। इस अजीब गलती को देखकर कार मालिक भी हैरान रह गया। जानें क्या है पूरा मामला
लोकेशन दिखाया गया गलत
X यूजर अनुजीत शिवम ने अपने अकाउंट पर इस घटना की जानकारी साझा करते हुए चालान की एक तस्वीर पोस्ट की। चालान में बताया गया कि उनकी काली SUV 100 किलोमीटर प्रति घंटे की तय सीमा के मुकाबले 101 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही थी। अपनी पोस्ट में शिवम ने तय सीमा से सिर्फ 1 किलोमीटर प्रति घंटे ज्यादा रफ्तार से गाड़ी चलाने पर 2,000 रुपये का जुर्माना लगाने पर सवाल उठाया। उन्होंने चालान में एक और गलती की ओर ध्यान दिलाया। स्पीड रिकॉर्ड में गाड़ी की लोकेशन 0°N और 0°E दर्ज थी, जो अटलांटिक महासागर में स्थित एक जगह के निर्देशांक हैं। इस जगह को आमतौर पर ‘नल आइलैंड’ कहा जाता है।
पुलिस ने किया रिएक्ट
चालान की तस्वीर में गाड़ी का नंबर, उसकी रफ्तार, तय स्पीड लिमिट और अन्य जानकारियां दी गई थीं। इसमें बताया गया कि यह मामला 10 जनवरी 2026 को दोपहर करीब 3:13 बजे का है। व्यक्ति ने नोएडा और यूपी ट्रैफिक पुलिस को टैग करते हुए पूछा कि तय सीमा से सिर्फ 1 किलोमीटर प्रति घंटे ज्यादा रफ्तार होने पर 2,000 रुपये का जुर्माना कैसे लगाया जा सकता है। उसने इतने कम अंतर पर भारी चालान काटे जाने पर सवाल उठाए।
अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए उन्होंने लिखा, “सिर्फ 1 km/h का अंतर।” इस पर नोएडा ट्रैफिक पुलिस ने भी उनकी पोस्ट पर जवाब दिया और उन्हें इस मामले में ई-चालान हेल्पलाइन से संपर्क करने की सलाह दी। पुलिस ने अपने जवाब में लिखा, “कृपया ई-चालान हेल्पलाइन नंबर पर कॉल करें।”
लोगों ने किया कमेंट
पोस्ट के बाद सोशल मीडिया पर स्पीड लिमिट को लेकर बहस छिड़ गई। कुछ यूजर्स ने 100 की जगह 90 से 95 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गाड़ी चलाने की सलाह दी।
एक अन्य यूजर ने कैमरों के काम करने के तरीके पर सवाल उठाते हुए कहा कि, “AI कैमरे भावनाओं या तर्क के आधार पर काम नहीं करते, बल्कि वे गाड़ी की रफ्तार के हिसाब से तस्वीरें लेते हैं और यूआई को अलग करते हैं।” वहीं, कुछ लोगों ने स्पीड टॉलरेंस के नियमों का भी जिक्र किया। एक यूजर ने दावा किया कि, “कई देशों में तय स्पीड लिमिट से 10 प्रतिशत तक अधिक रफ्तार की छूट दी जाती है, जबकि भारत में मोटर व्हीकल एक्ट के तहत 5 प्रतिशत तक का अंतर मान्य है। फाइन पर सवाल उठाते हुए उसने कहा कि चालान नहीं भरना चाहिए, क्योंकि गाड़ी की रफ्तार तय छूट की सीमा के अंदर थी।”

