माइक्रोसॉफ्ट आउटेज: दुनिया भर में आउटलुक, टीम्स और कोपायलट सेवाएं ठप, लाखों यूजर्स परेशान

माइक्रोसॉफ्ट आउटेज: दुनिया भर में आउटलुक, टीम्स और कोपायलट सेवाएं ठप, लाखों यूजर्स परेशान

microsoft outage

माइक्रोसॉफ्ट (Microsoft) यूजर्स के लिए गुरुवार का दिन भारी परेशानी भरा रहा। तकनीकी गड़बड़ी (Tech Glitch) के चलते कंपनी की कई प्रमुख सेवाएं अचानक ठप हो गईं, जिससे पूरी दुनिया में कामकाज प्रभावित हुआ। इस आउटेज (Outage) का सबसे बुरा असर माइक्रोसॉफ्ट के पॉपुलर ईमेल प्लेटफॉर्म ‘आउटलुक’ (Outlook) पर पड़ा। ALSO READ: Jensen Huang ने Nvidia के CEO पद से दिया इस्तीफा, 33 साल बाद छोड़ी कंपनी, जानिए कौन संभालेगा जिम्मेदारी

 

किन सेवाओं पर पड़ा असर?

आउटलुक के अलावा यूजर्स को माइक्रोसॉफ्ट के कई अन्य जरूरी ऐप्स इस्तेमाल करने में भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। माइक्रोसॉफ्ट टीम्स के प्रभावित होने से ऑफिस और मीटिंग्स का कामकाज अटका।माइक्रोसॉफ्ट कोपायलट की वजह से एआई-बेस्ड असिस्टेंट ने काम करना बंद किया। माइक्रोसॉफ्ट 365 की वजह से ऑफिस टूल्स की कनेक्टिविटी प्रभावित हुई। लाखों लोगों ने शिकायत की कि वे न तो अपने ईमेल अकाउंट तक पहुंच पा रहे थे और न ही नए ईमेल भेज या प्राप्त कर पा रहे थे।

 

1.30 लाख से ज्यादा यूजर्स ने दर्ज कराई शिकायत

सेवाओं पर नजर रखने वाली प्रतिष्ठित वेबसाइट Downdetector के अनुसार, गुरुवार दोपहर करीब 1:30 बजे शिकायतों का ग्राफ सबसे ऊपर पहुंच गया। इस दौरान 1.30 लाख से अधिक यूजर्स ने अकेले आउटलुक में आ रही दिक्कतों की रिपोर्ट दर्ज कराई। हालांकि, इसके बाद नई शिकायतों में कुछ कमी जरूर आई, लेकिन कई यूजर्स के लिए समस्या घंटों बनी रही।

 

माइक्रोसॉफ्ट ने क्या बताई गड़बड़ी की वजह?

सोशल मीडिया के जरिए स्थिति स्पष्ट करते हुए माइक्रोसॉफ्ट ने बताया कि अमेरिका के विभिन्न हिस्सों में यूजर्स को ‘एक्सचेंज ऑनलाइन’ (Exchange Online) के ईमेल खातों को एक्सेस करने में परेशानी हो रही थी। कंपनी की शुरुआती जांच में सामने आया कि माइक्रोसॉफ्ट के कुछ सर्वर पर सामान्य से काफी ज्यादा दबाव (Traffic Load) आ गया था। Automated Checks के दौरान आई किसी तकनीकी समस्या के कारण अचानक कुछ सर्वर ऑफलाइन हो गए और काम करना बंद कर दिया।

 

अब क्या है स्थिति?

माइक्रोसॉफ्ट 365 स्टेटस (Microsoft 365 Status) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (X) पर जानकारी दी कि प्रभावित इंफ्रास्ट्रक्चर को दोबारा शुरू करने और सर्वर की उपलब्धता बहाल करने के हमारे प्रयासों के सकारात्मक नतीजे सामने आ रहे हैं। हम फिलहाल इंफ्रास्ट्रक्चर के इन हिस्सों के प्रदर्शन पर लगातार नजर रख रहे हैं, ताकि उनकी स्थिरता सुनिश्चित की जा सके।

कंपनी ने कहा कि हमें उम्मीद है कि इन प्रयासों को धीरे-धीरे व्यापक स्तर पर लागू करने से सेवाओं की उपलब्धता में सुधार होगा। इससे जुड़ी अधिक जानकारी माइक्रोसॉफ्ट 365 एडमिन सेंटर में EX1550543 और MO1550821 के तहत उपलब्ध है। यदि आपके लिए एडमिन सेंटर उपलब्ध नहीं है, तो आप दिए गए लिंक पर भी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

 

समस्या के समाधान के लिए उठाए गए कदम

माइक्रोसॉफ्ट ने तुरंत एक्शन लेते हुए एक फिक्स का परीक्षण शुरू किया। प्रभावित सर्वर को दोबारा ट्रैक पर लाने के लिए कंपनी ने वैकल्पिक जांच के तरीकों को भी लागू किया, ताकि यूजर्स पर पड़ रहे असर को जल्द से जल्द कम किया जा सके।