फिक्स्ड डिपॉजिट में निवेश करने वाले सीनियर सिटीजंस के लिए अच्छी खबर है। फेडरल बैंक ने एफडी पर सीनियर सिटीजंस को मिलने वाला अतिरिक्त ब्याज 0.50 फीसदी से बढ़ाकर 0.60 फीसदी कर दिया है। इससे चुनिंदा अवधि की एफडी पर सीनियर सिटीजंस को सालाना 7.50 फीसदी तक ब्याज मिल सकेगा। नई दरें 12 नवंबर, 2026 से लागू हो गई हैं।
3 साल से कम अवधि के डिपॉजिट पर 7.4% इंटरेस्ट
बैंक की ओर से जारी संशोधित दरों के मुताबिक, प्रीमैच्योर विड्रॉल की सुविधा वाली 18 महीने और 2 साल से लेकर 3 साल से कम अवधि की एफडी पर वरिष्ठ नागरिकों को 7.40 फीसदी सालाना ब्याज मिलेगा। बैंक 1 करोड़ रुपये या इससे अधिक की जमा राशि पर बिना प्रीमैच्योर विड्रॉल सुविधा वाली एफडी के लिए वरिष्ठ नागरिकों को 7.50 फीसदी सालाना ब्याज दे रहा है।
35 महीनों के लिए 10 लाख एक एफडी पर इतनी होगी कमाई
अगर कोई सीनियर सिटीजन इस एफडी स्कीम में 35 महीने के लिए 10 लाख रुपये एफडी करता है तो उसे इंटरेस्ट से अच्छी कमाई हो सकती है। सालाना 7.4 फीसदी इंटरेस्ट रेट से 35 महीने में उसे 10 लाख रुपये पर कुल 2,38,500 रुपये का इंटरेस्ट मिलेगा। इसका मतलब है कि उसे मैच्योरिटी पर कुल 12,38,500 रुपये मिलेंगे।
बैंक की शाखा या डिजिटल चैनल से बुक कर सकते हैं एफडी
इसी अवधि के लिए आम ग्राहकों और NRI को क्रमशः 6.80 फीसदी और 6.90 फीसदी सालाना ब्याज मिलेगा। संशोधित दरें 3 करोड़ रुपये से कम की सिंगल टर्म डिपॉजिट पर लागू हैं। ग्राहक बैंक की शाखाओं या डिजिटल चैनलों के जरिये एफडी बुक कर सकते हैं।
एफडी कराने में सिर्फ इंटरेस्ट रेट के आधार पर नहीं लें फैसला
Federal Bank की नई दरें वरिष्ठ नागरिकों के लिए आकर्षक हो सकती हैं। लेकिन एफडी चुनते समय सिर्फ ब्याज दर देखना पर्याप्त नहीं है। निवेशकों को जमा की अवधि, समय से पहले पैसा निकालने की सुविधा और अपनी नकदी की जरूरतों का भी आकलन करना चाहिए।
दूसरे बैंकों के एफडी के इंटरेस्ट रेट्स की भी तुलना कर लें
बिना प्रीमैच्योर विड्रॉल वाली एफडी में ब्याज ज्यादा मिल सकता है, लेकिन जरूरत पड़ने पर पैसा निकालना मुश्किल हो सकता है। इसलिए ऐसी एफडी में वही रकम लगाएं जिसकी तय अवधि तक जरूरत न पड़े। साथ ही दूसरे बैंकों के एफडी के इंटरेस्ट रेट की तुलना भी करनी चाहिए।
यह भी पढ़ें: FD Calculator: इस सरकारी बैंक ने 444 डे स्पेशल FD पर बढ़ाया ब्याज, जानिए अब 10 लाख डिपॉजिट पर कितनी होगी कमाई
इंटरेस्ट इनकम पर टैक्स के असर को भी ध्यान में रखें
बैंक जमा पर DICGC के नियमों के तहत एक जमाकर्ता को एक बैंक में मूलधन और ब्याज मिलाकर अधिकतम 5 लाख रुपये तक का बीमा कवर मिलता है। बड़ी रकम जमा करने से पहले इस सीमा को ध्यान में रखें। एफडी से मिलने वाला ब्याज टैक्स के दायरे में आता है। इसलिए निवेश का फैसला करते समय टैक्स के बाद मिलने वाले रिटर्न को देखें।

