NEET UG 2026 Dress Code: नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) 21 जून 2026 को देश और विदेश में निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर नीट यूजी 2026 री-एग्जाम आयोजित करने जा रहा है। 03 मई 2026 को हुई नीट यूजी 2026 में पेपर लीक का खुलासा होने के बाद पूरे देश की नजरें इस परीक्षा पर टिकी हुई हैं। परीक्षा एजेंसी और सरकार दोनों इस परीक्षा को लेकर हर मुमकिन सतर्कता बरत रहे हैं। नीट यूजी री-एग्जाम में तकरीबन 22.7 लाख विद्यार्थी हिस्सा लेंगे। परीक्षार्थियों से लेकर अभिभावकों में नीट यूजी री-एग्जाम को लेकर काफी उथल-पुथल मची हुई है।
नीट यूजी री-एग्जाम दोपहर 2 से शाम 5:15 बजे तक होगी, लेकिन केंद्रों पर प्रवेश और सुरक्षा जांच सुबह 11 बजे से शुरू हो जाएगी। 1.30 के बाद परीक्षा हॉल में एंट्री नहीं जाएगी। ऐसे में अभ्यर्थियों को समय से पहले केंद्र पर पहुंचने की सलाह दी गई है। पांच लाख से अधिक सुरक्षाकर्मी, छह हजार से अधिक पर्यवेक्षक और 674 शहर समन्वयक पूरी प्रक्रिया पर नजर रखेंगे। एनटीए ने अभ्यर्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों से वे अफवाहों, सोशल मीडिया पर चल रही अपुष्ट सूचनाओं से दूर रहने और केवल आधिकारिक जानकारी पर भरोसा करने की अपील की है। परीक्षा के दौरान, लोक परीक्षा (अनुचित साधनों की रोकथाम) अधिनियम, 2024 लागू रहेगा। इसके तहत पेपर लीक और नकल के मामलों में 10 वर्ष तक की जेल और एक करोड़ रुपये तक के जुर्माने का प्रावधान है।
अभ्यर्थियों का आधार आधारित बायोमेट्रिक सत्यापन, फेस पहचान और लाइव फोटो ली जाएगी। परीक्षा से लगभग 45 मिनट पहले ही अधिकारियों की मौजूदगी में सीलबंद ट्रंक खोले जाएंगे। नीट विद्यार्थियों को पेन लेकर नहीं जाना है। उन्हें सेंटर पर ही पेन दिया जायेगा। इसके अलावा, एनटीए ने छात्रों के लिए ड्रेस कोड जारी किया है, जिसका पालन करना सभी परीक्षार्थियों के लिए जरूरी होगा।
नीट यूजी री-एग्जाम ड्रेस कोड
- परीक्षार्थी को ओरिजिनल आइडी जैसे आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड, वोटर कार्ड अथवा सरकार द्वारा जारी कोई अन्य आईडी जिसमें कैंडिडेट की फोटो आ रही हो, इनमें से कोई भी एक आइडी साथ लाना है।
- सभी कैंडिडेट्स को एग्जाम हॉल के अंदर ट्रांसपेरेंट पानी की बोतलें ले जाने की इजाजत है।
- बारिश से खराब होने से बचाने के लिए कैंडिडेट्स अपना एडमिट कार्ड ट्रांसपेरेंट प्लास्टिक पाउच में ले जा सकते हैं।
- कैंडिडेट्स को आस्था की चीजें (धार्मिक निशान, कलावा, पगड़ी, हिजाब, या इसी तरह की चीजें) पहनने की इजाजत है, लेकिन उन्हें एग्जाम सेंटर पर काफी पहले रिपोर्ट करना होगा ताकि एग्जाम स्टाफ उनकी अच्छी तरह से तलाशी ले सके।
- हल्के कपड़े पहनना बेहतर है, लेकिन कैंडिडेट्स जरूरत पड़ने पर पूरी बाजू के कपड़े या ऊनी कपड़े पहन सकते हैं, लेकिन उन्हें सेंटर पर काफी पहले रिपोर्ट करना होगा ताकि अच्छी तरह से तलाशी ली जा सके।
- जूते की कैटेगरी में चप्पल और कम हील वाले जूते पसंद किए जाते हैं।
- हाई हील वाले जूते पहनने वाले कैंडिडेट्स की एक्स्ट्रा चेकिंग हो सकती है।
- कैंडिडेट्स को एग्जाम हॉल के अंदर मोबाइल फोन, स्मार्टवॉच, ब्लूटूथ एक्सेसरीज, ईयरफोन, या कोई भी कम्युनिकेशन डिवाइस समेत कोई भी इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस ले जाने की सख्त मनाही है। एग्जामिनेशन हॉल के अंदर मेटल की चीजें, बड़े बेल्ट बकल, भारी ज्वेलरी और एक्सेसरीज ले जाने की इजाजत नहीं है।
- सभी कैंडिडेट्स की एंट्री से पहले जरूरी तलाशी ली जाएगी। कैंडिडेट्स को सलाह दी जाती है कि वे बिना ज्यादा टेंशन के आसान सिक्योरिटी चेकिंग के लिए तय रिपोर्टिंग टाइम पर सेंटर पर रिपोर्ट करें।
परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए हेल्पलाइन
नीट यूजी 2026 री-एग्जाम से जुड़ी किसी भी जानकारी के लिए, कैंडिडेट्स एनटीए हेल्पडेस्क से 011-40759000/ 011-69227700 पर कॉन्टैक्ट कर सकते हैं या [email protected] पर लिख सकते हैं। सभी कैंडिडेट्स से रिक्वेस्ट है कि वे ऊपर दी गई एडवाइजरी को मानें और री-एग्जाम को आसानी से और सुरक्षित तरीके से कराने के लिए परीक्षा स्टाफ के साथ पूरा सहयोग करें। ड्रेस कोड और सिक्योरिटी प्रोटोकॉल का पालन न करने पर एंट्री से मना किया जा सकता है।

