Gold Silver Prices Today: सोना लगातार दूसरे दिन हुआ सस्ता, चांदी एक दिन में 5000 रुपये फिसली

सोने और चांदी की कीमतों में दिल्ली में बुधवार यानी 11 नवंबर को लगातार दूसरे दिन गिरावट आई। दिल्ली सर्राफा बाजार में 24 कैरेट यानी 99.9 फीसदी शुद्धता वाला सोना 800 रुपये गिरकर 1,45,600 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया। इससे पिछले कारोबारी सत्र में सोने का भाव 1,46,400 रुपये प्रति 10 ग्राम था।

चांदी में एक दिन में 5000 रुपये की गिरावट 

चांदी की कीमतों में बड़ी गिरावट आई। यह 5,000 रुपये टूटकर 1,87,500 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गई। पिछले कारोबारी सत्र में इसका भाव 1,92,500 रुपये प्रति किलोग्राम था। हालांकि, अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने और चांदी में मजबूती देखने को मिली।

दिवाली की छुट्टियों का डिमांड पर असर 

HDFC Securities के सीनियर एनालिस्ट (कमोडिटीज) सौमिल गांधी के मुताबिक, दिवाली की छुट्टियों के दौरान घरेलू बाजार में कारोबार कमजोर रहने से सोने की कीमतों पर दबाव पड़ा। कई स्थानीय बाजार बंद रहने के कारण कीमती धातुओं में ट्रेडिंग गतिविधियां सीमित रहीं। उन्होंने कहा कि फेडरल रिजर्व के सख्त रुख के संकेतों ने भी सोने की कीमतों की रिकवरी की संभावनाओं को सीमित किया है।

अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने-चांदी में तेजी

अंतरराष्ट्रीय बाजार में बुधवार को स्पॉट गोल्ड मामूली तेजी के साथ 4,047.71 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहा था। वहीं, स्पॉट सिल्वर करीब 3 फीसदी उछलकर 52.86 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया। Mirae Asset Sharekhan के हेड ऑफ कमोडिटीज प्रवीण सिंह के मुताबिक, पिछले कारोबारी सत्र में तेज बिकवाली के बाद अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना 4,051 डॉलर प्रति औंस के आसपास स्थिर होने की कोशिश कर रहा था।

अमेरिका और ईरान के बीच संभावित समझौते पर नजर

अमेरिका और ईरान के बीच सुलह की कोशिशें जारी हैं। हालांकि, ईरान अपनी मांगों पर कायम है। इनमें उसकी फ्रीज की गई संपत्तियों को मुक्त करना, नौसैनिक नाकेबंदी हटाना, प्रतिबंधों में राहत और सभी मोर्चों पर सैन्य कार्रवाई रोकने की मांग शामिल हैं।

क्रूड ऑयल की कीमतें 10 दिन में 25 फीसदी फिसलीं

प्रवीण सिंह के मुताबिक, पिछले 10 दिनों में कच्चे तेल की कीमतों में करीब 25 फीसदी की गिरावट आई है। अगर शांति वार्ता के ठोस नतीजे नहीं निकलते हैं तो कच्चे तेल की कीमतों में और गिरावट आ सकती है। हालांकि, आज ब्रेंट क्रूड में हल्की तेजी दिखी। यह 92 डॉलर प्रति बैरल के ऊपर चल रहा था।

यह भी पढ़ें: FD Calculator: इस सरकारी बैंक ने 444 डे स्पेशल FD पर बढ़ाया ब्याज, जानिए अब 10 लाख डिपॉजिट पर कितनी होगी कमाई

सोने की कीमतों पर पड़ेगा इन फैक्टर्स का असर 

प्रवीण सिंह का मानना है कि आगे सोने की कीमतों पर दबाव बना रह सकता है। फिलहाल इसमें बड़ी तेजी की गुंजाइश सीमित नजर आ रही है। सोने की दिशा अमेरिका में इनफ्लेशन के डेटा, क्रूड ऑयल की कीमतों और अमेरिका-ईरान के बीच सुलह की कोशिशों के नतीजों पर निर्भर करेगा।