अर्नब-मुरासु के बाद एक और चक्रवाती तूफान का खतरा! बंगाल की खाड़ी में नया सिस्टम

अर्नब-मुरासु के बाद एक और चक्रवाती तूफान का खतरा! बंगाल की खाड़ी में नया सिस्टम

cyclone alert

Weather Update 11 November : बंगाल की खाड़ी में नया मौसमी सिस्टम विकसित होने की संभावना है। इस वजह से दक्षिण भारत के कई राज्यों में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। मौसम विभाग ने बारिश, आंधी और तेज हवाओं को लेकर चेतावनी जारी की है। बहरहाल अर्नब और मुरासु के बाद देश में एक और चक्रवाती तूफान का खतरा मंडरा रहा है।

 

मौसम विभाग के अनुसार, एक पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 13 नवंबर तक पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में छिटपुट से लेकर काफी व्यापक वर्षा और बर्फबारी होने की संभावना है। 12 नवंबर को कश्मीर घाटी में कहीं-कहीं भारी वर्षा और बर्फबारी होने की संभावना है।

 

13 नवंबर के आसपास दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी के ऊपर एक निम्न दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। इसके उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने तथा 14 नवंबर के आसपास सुस्पष्ट निम्न दबाव क्षेत्र और 15 नवंबर के आसपास अवदाब में परिवर्तित होने की संभावना है। हालांकि इसके चक्रवाती तूफान में बदलने की पुष्टि अभी नहीं हुई है।

इसके प्रभाव से तमिलनाडु और पुडुचेरी में 15-16 नवंबर को भारी बारिश की संभावना है। केरल में 16 नवंबर को भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। अंडमान-निकोबार में बारिश के साथ ही तेज हवाएं चल सकती है।

 

खराब समुद्री हालात को देखते हुए, IMD ने मछुआरों को सलाह दी है कि वे इस दौरान इन इलाकों में समुद्र में न जाएं। फिलहाल आंध्र प्रदेश के लिए कोई खास चेतावनी जारी नहीं की गई है लेकिन मौसम विशेषज्ञ स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।