Air India Flight Hijack Threat News: कोलकाता के नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर बुधवार सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब मुंबई जाने वाली एयर इंडिया की एक उड़ान में संभावित हाईजैक की धमकी मिलने से सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं। न्यूज 18 की रिपोर्ट के अनुसार, विमान के टेक-ऑफ करने से ठीक पहले उसके वॉशरूम के अंदर एक धमकी भरा संदेश लिखा हुआ मिला।
सूत्रों के हवाले से मिली जानकारी के मुताबिक, विमान के वॉशरूम के शीशे पर हाईजैक की धमकी से जुड़ा एक संदेश देखा गया था, जिसके तुरंत बाद पायलट ने उड़ान भरने से कुछ ही पल पहले एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) को इसकी सूचना दी और अलर्ट जारी किया।
फ्लाइट AI 772 को आइसोलेशन बे में भेजा गया
एयरपोर्ट के सूत्रों के अनुसार, यह विमान AI 772 है, जो एयरबस A320neo विमान द्वारा संचालित किया जाता है। धमकी मिलने के तुरंत बाद एहतियात के तौर पर सभी यात्रियों को विमान से सुरक्षित नीचे उतार लिया गया और एयरक्राफ्ट को तुरंत एक आइसोलेशन बे में ले जाया गया। इस मामले में अभी तक अधिकारियों की तरफ से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
CISF और सुरक्षा बलों की ताबड़तोड़ तलाशी
न्यूज 18 द्वारा एक्सेस किए गए एक वीडियो में कोलकाता एयरपोर्ट पर भारी सुरक्षा बल और व्यापक तलाशी अभियान साफ तौर पर देखा जा सकता है। केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) के जवान और एयरपोर्ट के वरिष्ठ अधिकारी विमान और उसके चप्पे-चप्पे की गहन जांच-पड़ताल कर रहे हैं। यात्रियों के सामान की भी दोबारा स्क्रूटनी की जा रही है ताकि किसी भी अनहोनी या खतरे से पूरी तरह निपटा जा सके।

