दीपावली के बाद की सुबह: आखिर क्यों ‘रईसों’ के लिए खास होती है यह दिन? जानिए दिलचस्प वजह

दीपावली के बाद की सुबह: आखिर क्यों 'रईसों' के लिए खास होती है यह दिन? जानिए दिलचस्प वजह

Diwali Morning Afterglow on the Terrace

बचपन में दीपावली केवल अमावस्या की रात का उत्सव नहीं हुआ करती थी। उसका असली आनंद तो अगली सुबह देखने को मिलता था। दीपावली की रात रोशनी, मिठाइयों और पटाखों के शोर में बीतती थी, लेकिन उसके अगले दिन की सुबह अपने आप में एक अलग ही उत्सव लेकर आती थी।

 

सुबह-सुबह माँ उठतीं। घर के बाहर झाड़ू-बुहार होता। रात भर जलाए गए पटाखों के अवशेष, कागज़ के टुकड़े, फुलझड़ियों की तारें और इधर-उधर बिखरा कचरा एक जगह इकट्ठा किया जाता। फिर माँ उस कचरे के ढेर पर एक छोटा-सा दीपक रख देतीं। शायद यह परंपरा थी, या फिर घर की समृद्धि और शुभता का कोई प्रतीक; लेकिन हमारे लिए तो यह दृश्य भी दीपावली का ही विस्तार था।

 

उधर हमारी अपनी दीपावली शुरू हो जाती थी।

 

रात को पटाखे छोड़ते समय जो पटाखे किसी कारणवश नहीं फूट पाए होते थे, उन्हें अगली सुबह ढूँढ़ने का अभियान चलता था। हम बच्चों के लिए यह किसी खजाने की खोज से कम नहीं था। कोई अधजली फुलझड़ी मिल गई तो मानो लॉटरी लग गई; कहीं अनार साबुत पड़ा मिल जाए तो समझिए दिन बन गया; और यदि कोई बड़ा बम या रॉकेट मिल जाए, तब तो हमारी खुशी का ठिकाना ही नहीं रहता था।

 

इस अभियान में सबसे अधिक उत्साह उन बच्चों का होता था, जिन्हें पटाखे खरीदने के लिए घर से पर्याप्त पैसे नहीं मिलते थे। वे सुबह सबसे पहले मैदान में पहुँच जाते थे। उनके लिए पिछली रात का बचा हुआ बारूद भी किसी बड़े खजाने से कम नहीं था।

 

लेकिन इस खेल में भी एक वर्गभेद था।

 

जिनके घरों में ढेरों पटाखे आते थे, वे बच्चे रात को ही अपनी आतिशबाजी का कोटा पूरा कर चुके होते थे। अगली सुबह उन्हें कचरे में पड़े अधफूटे पटाखों से कोई विशेष मतलब नहीं होता था; वे तो नए पटाखों की प्रतीक्षा में रहते थे। और जिनके हिस्से में पटाखे कम आते थे, उनके लिए अगली सुबह का कचरा भी किसी खजाने से कम नहीं था।

 

यही वे बच्चे थे, जो सुबह-सुबह गलियों में सबसे पहले दिखाई देते थे—हाथ में एक थैली, आँखों में उत्सुकता और चेहरे पर उम्मीद। उनकी निगाहें ज़मीन पर ऐसे टिकी रहती थीं, मानो कोई पुरातत्ववेत्ता सदियों पुरानी सभ्यता के अवशेष खोज रहा हो।

 

हमारे बीच एक विशेष संबोधन प्रचलित था—’रईस’।

 

जिस बच्चे के हिस्से सबसे ज़्यादा पटाखे आते, उसे हम ‘रईस’ कहते थे। यह संबोधन उसकी आर्थिक हैसियत से कम और पटाखों की उपलब्धता से अधिक तय होता था। जिसके पास जितने ज़्यादा पटाखे, उसकी उतनी ही ऊँची हैसियत!

 

किसी के पास पाँच अधफूटे पटाखे हों तो वह सामान्य नागरिक था; दस मिल जाएँ तो मध्यमवर्गीय प्रतिष्ठा प्राप्त कर लेता था; और जिसके पास एक साबुत अनार, दो बम और कुछ फुलझड़ियाँ जमा हो जाएँ, वह सीधे रईसों की श्रेणी में पहुँच जाता था।

 

उस समय अमीरी का पैमाना कितना सरल था! न बैंक बैलेंस की ज़रूरत, न मकान-दुकान की और न ही गाड़ी की। बस सुबह की खोज में कितने पटाखे हाथ लगे, उसी से आर्थिक स्थिति का आकलन हो जाता था।

 

हालाँकि, इस रईसी में भी एक समस्या थी। पटाखा मिला है, इसका अर्थ यह नहीं था कि वह फूटेगा ही। कई बार बड़े उत्साह से उठाया गया पटाखा जलाने पर भी अपनी पिछली रात वाली ज़िद पर अड़ा रहता था। तब समझ में आता कि हर चमकती वस्तु सोना नहीं होती और हर साबुत दिखने वाला पटाखा चलने की गारंटी नहीं देता।

 

लेकिन हम बच्चे उसका भी हल निकाल लेते थे। जो पटाखा फिर भी ‘फुस्सी’ ही रहता, उसे बीच से तोड़कर एक पुट्ठे (गत्ते) पर उसका सारा बारूद इकट्ठा कर लेते थे; और फिर उसे जलाने का जो मज़ा था—आ हा हा!

 

आज सोचती हूँ तो लगता है कि उस समय हम बच्चों ने बिना अर्थशास्त्र की कोई किताब पढ़े बाज़ार, माँग, आपूर्ति, संसाधनों के पुनर्चक्रण (Recycling) और संपत्ति के असमान वितरण जैसे विषयों का व्यावहारिक ज्ञान प्राप्त कर लिया था।

 

एक ही रात में कुछ घरों में पटाखों की इतनी अधिक खपत होती थी कि अगली सुबह दूसरे बच्चों के लिए ‘रोज़गार’ के अवसर पैदा हो जाते थे। अमीरों की आतिशबाजी गरीबों के लिए अगले दिन की पूँजी बन जाती थी। यह एक ऐसी अनौपचारिक अर्थव्यवस्था थी, जिसमें न कोई निवेश करना पड़ता था और न कोई टैक्स देना पड़ता था। बस मेहनत, धैर्य और पैनी नज़र चाहिए थी।

 

आज दीपावली का स्वरूप बदल गया है। पटाखों की जगह कई घरों में आतिशबाजी के दूसरे विकल्प आ गए हैं। बच्चों की दुनिया मोबाइल और वीडियो गेम तक सिमटती जा रही है। अब शायद ही कोई बच्चा अगली सुबह गलियों में निकलकर अधफूटे पटाखों की तलाश करता हो।

 

आज रईसी के पैमाने बदल गए हैं। किसी के पास कितनी बड़ी गाड़ी है, किसका घर कितना आलीशान है, किसने कितनी महँगी सजावट की है या किसने कितने लाख की आतिशबाजी की है—इन्हीं बातों से हैसियत तय होती है। पहले हम दूसरों के छोड़े हुए पटाखे बीनकर रईस बनते थे, आज लोग अपनी रईसी दिखाने के लिए लाखों के पटाखे छोड़ते हैं।

 

पहले कचरे में भी बच्चों के लिए खुशियाँ छिपी होती थीं, आज खुशियों के प्रदर्शन में कितना कचरा पैदा हो रहा है, इसकी चिंता कम ही लोगों को है।

 

माँ जब सुबह झाड़ू लगाकर कचरे के ढेर पर दीया रखती थीं, तब शायद उन्हें भी नहीं मालूम था कि उसी कचरे में हमारी छोटी-सी अर्थव्यवस्था चल रही है। उनके लिए वह सफाई और परंपरा थी, हमारे लिए खजाने की खोज।

 

अब वे सुबहें केवल स्मृतियों में बची हैं। न वह गलियों में दौड़ते बच्चों का हुजूम है, न पटाखों की तलाश में झुकी हुई आँखें और न ही किसी साबुत पटाखे को देखकर उछल पड़ने वाला उत्साह।

 

काश! आज भी हम अपनी खुशियों का हिसाब इतनी छोटी-छोटी चीज़ों में रख पाते। शायद तब दीपावली केवल अपनी रईसी दिखाने का नहीं, बल्कि दूसरों की बची हुई खुशियों में भी अपनी खुशी ढूँढ़ लेने का त्योहार बनी रहती।