दिल्ली सरकार ने छठ पर सार्वजनिक अवकाश की घोषणा की

दिल्ली सरकार ने मंगलवार को घोषणा की कि छठ पूजा के दिन सभी सरकारी कार्यालयों में अवकाश रहेगा। इस आशय का एक सरकारी आदेश जारी किया गया है। आदेश में कहा गया है, ‘‘राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली के उपराज्यपाल ने प्रतिहार षष्ठी या सूर्य षष्ठी (छठ पूजा) के अवसर पर 16 नवंबर को सभी सरकारी कार्यालयों, स्वायत्त निकायों और सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों में अवकाश घोषित किया है।

इससे पहले, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा था कि छठ न केवल एक धार्मिक उत्सव है, बल्कि दिल्ली की सामाजिक एवं सांस्कृतिक एकता का प्रतीक भी है। उन्होंने कहा था कि सरकार चाहती है कि व्रत रखने वाले हर श्रद्धालु और घाटों पर आने वाले सभी लोग पूरी आस्था, सम्मान एवं मन की शांति के साथ यह त्योहार मनाएं।

Also Read : यूक्रेन शांति वार्ता फिर शुरू, युद्धरत पक्षों के रुख में दिख रही थोड़ी नरमी

तेरह नवंबर से शुरू होने वाले इस चार दिवसीय त्योहार से पहले, गुप्ता ने सोमवार को एक उच्च-स्तरीय समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की और अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और साफ-सफाई को प्राथमिकता दें।

सोमवार को जारी एक आधिकारिक बयान के अनुसार, पूजा के लिए प्रमुख घाटों पर महिलाओं के वास्ते वस्त्र बदलने के कक्ष, सीसीटीवी कैमरे, पर्याप्त रोशनी, टेंट और चौबीसों घंटे साफ-सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। इसके अलावा, छठ व्रतियों के पूजा-अर्चना करने के लिए मुनक नहर के पास 11 किलोमीटर लंबा घाट और ऐसी ही कई अन्य संरचनाएं भी तैयार की जा रही हैं।

Pic Credit : UNI