बारिश ने किया भारत का अभ्यास सत्र रद्द, INDvsNZ मैच पर भी बारिश का साया

शनिवार को न्यूज़ीलैंड और भारत के बीच होने वाले वेलिंग्टन में दूसरे ODI पर लगातार दूसरे मैच में बारिश का असर पड़ सकता है।शुक्रवार को शहर में दिन के पहले हिस्से में हल्की लेकिन लगातार बारिश होती रही, जिसके कारण दोनों टीमों को अपने अभ्यास कार्यक्रम में बदलाव करना पड़ा। वैसे भी दोनों टीमों को मैच के वेन्यू हेनरी स्टेडियम के बजाय बेसिन रिज़र्व में अभ्यास करना था।

न्यूज़ीलैंड ने अपना अभ्यास सत्र वेलिंग्टन कॉलेज की इनडोर सुविधा में स्थानांतरित कर दिया, जबकि भारत ने अपना अभ्यास सत्र रद्द कर दिया।मौसम विभाग के अनुसार, शनिवार को भी बारिश का पूर्वानुमान है। दिन के पहले हिस्से में बारिश की 60 प्रतिशत और दूसरे हिस्से में 55 प्रतिशत संभावना है।

ऑकलैंड में सीरीज़ का पहला ODI भी बारिश से प्रभावित रहा था। मैच की शुरुआत 10 मिनट की देरी से हुई थी। भारत की पारी के दौरान दो बार बारिश हुई, जिसके कारण कुल मिलाकर क़रीब एक घंटे 40 मिनट का खेल प्रभावित हुआ।

इसके बाद भारत का लक्ष्य 50 ओवर में 186 रन से घटाकर 32 ओवर में 143 रन कर दिया गया था।भारत ने आख़िरकार पांच विकेट से जीत हासिल की। लक्ष्य का पीछा करते हुए विराट कोहली ने 51 गेंदों पर 74 रन बनाए, जबकि 10 ओवर में 22 रन देकर दो विकेट लेने वाले अंशुल कंबोज को प्लेयर ऑफ़ द मैच चुना गया।

शनिवार को वेलिंग्टन में होने वाले मुक़ाबले के बाद सीरीज़ का तीसरा ODI 10 नवंबर को हैमिल्टन में खेला जाएगा। इसके बाद चौथा और पांचवां ODI क्रमशः 13 और 15 नवंबर को माउंट मॉन्गानुई में होंगे।

टीमें:

भारत: शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर (उपकप्तान), केएल राहुल (विकेटकीपर), नितीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, अंशुल कंबोज, औकिब नबी, गुरनूर बराड़, मोहम्मद सिराज, अर्शदीप सिंह, इशान किशन, कुलदीप यादव, नमन धीर।

न्यूजीलैंड: मिचेल सैंटनर (कप्तान), टिम सीफर्ट, हेनरी निकोल्स, टॉम लैथम (विकेटकीपर), विल यंग, ​​ग्लेन फिलिप्स, डैरिल मिचेल, माइकल ब्रैसवेल, जैकब डफी, काइल जैमीसन, मैथ्यू फिशर, मैट हेनरी, ब्लेयर टिकनर, नाथन स्मिथ।

समय: सुबह 7:30 बजे

कहां देखें- सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क या सोनी लिव पर